ऐपल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट ऐप 'टॉकी' को अपने ऐप स्टोर से हटा दिया है। यह कदम दुनियाभर में उठाया गया है।
दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स में आरोप लगाए गए थे कि इस ऐप के AI कैरेक्टर नाबालिगों को आपत्तिजनक या यौन संबंध से जुड़े मैसेज भेज रहे थे।
भले ही टॉकी ऐप को 18 साल से अधिक उम्र वालों के लिए रेट किया गया था, लेकिन इसकी उम्र जांच बहुत आसान थी।
यूजर्स से केवल उनकी उम्र पूछी जाती थी, जिससे कोई भी आसानी से इस ऐप तक पहुंच बना सकता था। मीडिया में आई इन्हीं खबरों के बाद कंपनी ने यह फैसला लिया है।
अक्टूबर तक 1.1 करोड़ मासिक यूजर
टॉकी ऐप ने 2023 में लॉन्च होने के बाद से खूब लोकप्रियता बटोरी थी। इस साल अक्टूबर तक इसके ऐप और वेबसाइट पर करीब 1.1 करोड़ मासिक सक्रिय यूजर जुड़ चुके थे।
यह ऐप मिनीमैक्स कंपनी के बिजनेस का एक जरूरी हिस्सा बन गया था। इस ऐप को हटाने से अब AI चैटबॉट्स और ऑनलाइन युवा लोगों के बीच बातचीत को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इससे यह भी साफ हो गया है कि इस तरह के प्लेटफॉर्म्स के लिए मजबूत सुरक्षा नियमों की कितनी जरूरत है।