ऐपल फ्लिप आईफोन लॉन्च करने की बना रही योजना- रिपोर्ट
क्या है खबर?
ऐपल भविष्य में फ्लिप स्टाइल आईफोन पेश कर सकती है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी सैमसंग के Z फ्लिप जैसे डिजाइन वाले एक फ्लिप आईफोन पर काम कर रही है। बताया जा रहा है कि पहले बुक-स्टाइल फोल्डेबल आईफोन फोल्ड के लॉन्च के बाद, ऐपल छोटे और चौकोर क्लैमशेल डिजाइन पर ध्यान दे रही है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन लीक्स से इस प्रोजेक्ट की तैयारी के संकेत मिल रहे हैं।
फोल्डेबल योजना
ऐपल की फोल्डेबल योजना क्या है?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईफोन फोल्ड के बाद ऐपल का अगला फोल्डेबल डिवाइस पहले से रिसर्च स्टेज में है। यह एक क्लैमशेल यानी ऊपर-नीचे खुलने वाला फोन हो सकता है, जो जेब में आसानी से रखा जा सके। ऐपल को उम्मीद है कि पहले फोल्डेबल फोन की सफलता से ग्राहकों में अलग-अलग साइज के फोल्डेबल की मांग बढ़ेगी। इसी वजह से कंपनी बड़े और छोटे दोनों तरह के फोल्डेबल डिजाइन पर काम कर रही है।
फीचर्स
आईफोन फोल्ड के संभावित फीचर्स
लीक्स के अनुसार, आईफोन फोल्ड में करीब 5.5 इंच का बाहरी डिस्प्ले और 7.6 से 7.8 इंच का अंदरूनी फोल्डेबल डिस्प्ले मिल सकता है। इसमें सैमसंग का बना OLED पैनल इस्तेमाल किया जा सकता है। कहा जा रहा है कि ऐपल खास लिक्विड मेटल हिंज का इस्तेमाल करेगा, जिससे स्क्रीन पर फोल्ड की लकीर बहुत कम दिखे। फोन में मजबूत मेटल सपोर्ट और बेहतर मजबूती पर खास ध्यान दिया जाएगा।
अन्य फीचर्स
कैमरा, सिक्योरिटी और लॉन्च टाइमलाइन
रिपोर्ट्स बताती हैं कि आईफोन फोल्ड में 48MP के दो रियर कैमरे दिए जा सकते हैं। बाहर की स्क्रीन पर पंच-होल कैमरा और अंदर अंडर-डिस्प्ले कैमरा मिलने की उम्मीद है। फेस ID की जगह पावर बटन में दिया गया टच ID इस्तेमाल हो सकता है। लीक्स के मुताबिक, यह फोन सितंबर में आईफोन 18 प्रो सीरीज के साथ लॉन्च हो सकता है, लेकिन लॉन्च को लेकर अभी पूरी पुष्टि नहीं है।