ऐपल इंटेलिजेंस में कई फीचर किए अपडेट, जानिए क्या मिली हैं नई सुविधाएं
क्या है खबर?
ऐपल ने ऐपल इंटेलिजेंस द्वारा संचालित कई नए एक्सेसिबिलिटी अपडेट की घोषणा की, जिनमें वॉयसओवर, वॉयस कंट्रोल, लाइव रिकग्निशन और वीडियो के लिए रीयल-टाइम कैप्शन जनरेशन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। कंपनी ने यह भी बताया कि इस अपडेट का उपयोग करके विजन प्रो यूजर अपनी आंखों से ही व्हीलचेयर को नियंत्रित कर सकेंगे। आईफोन निर्माता ने बताया कि वॉयसओवर में ऐपल इंटेलिजेंस का इमेज रिकग्निशन फीचर इमेज को बेहतर ढंग से समझेगा और उसका विस्तृत वर्णन करेगा।
लाइव रिकॉग्निशन
कैमरे की मदद से सामग्री की मिलेगी जानकारी
यूजर आईफोन का उपयोग करके लाइव रिकॉग्निशन फीचर को सक्रिय कर सकते हैं, जो कैमरे की मदद से फ्रेम में मौजूद सामग्री की पहचान करता है और अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रश्न भी पूछ सकते हैं। कमजोर दृष्टि वाले मैग्नीफायर को एक्शन बटन पर सेट कर सकते हैं, जो हाई-कंट्रास्ट इंटरफेस पर सामग्री प्रदर्शित करता है। इसके अलावा, वे जूम इन या फ्लैशलाइट चालू करें जैसे वॉयस कमांड का उपयोग करके भी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
रीडर
रीडर में भी मिलेंगे ये अपडेट
वॉयस कमांड अपडेट केवल मैग्नीफायर ऐप तक सीमित नहीं है। ऐपल ने बताया कि यूजर स्क्रीन पर दिख रही चीजों पर कार्रवाई करने के लिए उन्हें सामान्य भाषा में बता सकते हैं। कंपनी रीडर को भी अपडेट कर रही है, जो अब कई कॉलम, इमेज और टेबल वाले वैज्ञानिक शोध पत्रों जैसे दस्तावेजों को भी संभाल सकता है। इसके अलावा, यूजर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सारांश प्राप्त कर सकते हैं या अपनी मातृभाषा में टेक्स्ट पढ़ सकते हैं।