ऐपल मैकबुक प्रो अपग्रेड हुआ महंगा, चुकानी पड़ रही दोगुनी कीमत
ऐपल के नए मैकबुक प्रो के अपग्रेड की कीमतें ग्राहकों को चौंका रही हैं। अब 48GB से 64GB रैम बढ़ाने के लिए 400 डॉलर (करीब 37,000 रुपये) देने होंगे, जबकि पहले इसके लिए 200 डॉलर (करीब 18,000 रुपये) लगते थे।
इसी तरह, 128GB पर जाने के लिए खरीदारों को भारी 2,000 डॉलर (करीब 1.8 लाख रुपये) चुकाने होंगे, जबकि पहले यह 1,000 डॉलर (करीब 90,000 रुपये) था।
कई यूजर्स का मानना है कि इन बढ़ोतरी से आईफोन निर्माता के पहले से ही महंगे उत्पादों को और भी महंगा बना दिया है।
मैक पर महंगी अपग्रेड का बोझ
मैकबुक ही नहीं, बल्कि दूसरे मैक पर भी मेमोरी के लिए कीमतों में ऐसी ही बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐपल 8GB रैम बढ़ाने के लिए 200 डॉलर लेता है, जबकि बाजार में इसकी कीमत लगभग 120 डॉलर (करीब 11,000 रुपये) है, वहीं 16GB रैम के लिए 400 डॉलर चुकाने पड़ते हैं, जिसकी बाजार में कीमत करीब 185 डॉलर (करीब 17,000 रुपये) है।
SSD अपग्रेड भी महंगे हो गए हैं। 4TB का विकल्प 1,200 डॉलर (करीब 1.1 लाख रुपये) का है, जबकि बाजार में इसी तरह के ड्राइव करीब 459 डॉलर (करीब 43,000 रुपये) में मिल जाते हैं।