Page Loader
एपिक को बड़ी राहत, ऐपल ने डेवलपर अकाउंट से प्रतिबंध हटाया
ऐपल ने अपने ही फैसले को पलटते हुए प्रतिबंध हटा दिया है (तस्वीर: अनस्प्लैश)

एपिक को बड़ी राहत, ऐपल ने डेवलपर अकाउंट से प्रतिबंध हटाया

Mar 09, 2024
09:34 am

क्या है खबर?

ऐपल ने बीते दिनों एपिक गेम्स के डेवलपर अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिस पर एपिक गेम्स ने कड़ी आपत्ति जताई थी। अब ऐपल ने अपने ही फैसले को पलटते हुए प्रतिबंध हटा दिया है। इस प्रतिबंध के हटने के बाद एपिक जल्द ही यूरोपीय संघ (EU) में iOS यूजर्स के लिए एपिक गेम्स स्टोर लॉन्च करेगी। EU के डिजिटल मार्केट एक्ट (DMA) के कारण आईफोन यूजर्स अब किसी थर्ड-पार्टी ऐप स्टोर से भी ऐप डाउनलोड कर सकते हैं।

प्रतिक्रिया

प्रतिबंध हटाने के फैसले पर ऐपल ने क्या कहा?

ऐपल ने कहा है कि एपिक ने बातचीत में DMA की नीतियों सहित कई अन्य नियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्धता जताई है, जिसके बाद उसके डेवलपर अकाउंट को दोबारा से अनुमति दी गई है। अपने डेवलपर अकाउंट पर प्रतिबंध लगने के बाद एपिक ने ऐपल के फैसले को DMA की नीतियों का बड़ा उल्लंघन बताया था। कंपनी ने कहा था कि इस प्रतिबंध के कारण वह एपिक गेम्स स्टोर विकसित नहीं कर सकती।

प्रतिबंध

ऐपल ने क्यों लगाया था प्रतिबंध?

ऐपल ने बीते दिनों एपिक पर प्रतिबंध लगाते हुए यह कारण बताया था कि एपिक भविष्य में समझौता का पालन नहीं करेगी। ऐपल के वकीलों के तरफ से भेजे गए एक पत्र में कंपनी ने एपिक गेम्स को सत्यापित रूप से अविश्वसनीय भी कहा था। बता दें कि ऐपल ने इस साल की शुरुआत में ही एपिक को एक डेवलपर का अकाउंट प्रदान किया था। कंपनी को उस समय समझौते के अनुपालन का कोई भय नहीं था।