LOADING...
मैकबुक नियो की जबरदस्त मांग के बाद ऐपल ने दोगुना किया अपना उत्पादन लक्ष्य
मैकबुक नियो की मांग ने ऐपल को चौंकाया

मैकबुक नियो की जबरदस्त मांग के बाद ऐपल ने दोगुना किया अपना उत्पादन लक्ष्य

Jun 04, 2026
10:45 am

क्या है खबर?

ऐपल का सस्ता लैपटॉप मैकबुक नियो कंपनी के लिए बड़ी सफलता साबित हो रहा है। इस डिवाइस की मांग उम्मीद से कहीं ज्यादा बढ़ गई है, जिसके बाद ऐपल उत्पादन बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी के CEO टिम कुक ने भी माना है कि मैकबुक नियो को ग्राहकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। बताया जा रहा है कि ऐपल ने 2026 के लिए इसकी अनुमानित शिपमेंट संख्या 50 लाख से बढ़ाकर करीब 1 करोड़ यूनिट कर दी है।

संख्या

पहली बार मैक खरीदने वालों की बढ़ी संख्या

कुक के अनुसार, मैकबुक नियो ने बड़ी संख्या में नए ग्राहकों को ऐपल के मैक इकोसिस्टम से जोड़ा है। कंपनी का कहना है कि कई लोग पहली बार मैकबुक खरीद रहे हैं। बढ़ती मांग के कारण कुछ बाजारों में डिलीवरी में देरी भी देखने को मिल रही है। ऐपल फिलहाल सप्लाई बढ़ाने पर काम कर रहा है, ताकि ग्राहकों को जल्द डिवाइस मिल सके। यह लैपटॉप कंपनी के सबसे लोकप्रिय उत्पादों में शामिल होता जा रहा है।

कीमत

कम कीमत बनी बड़ी वजह

मैकबुक नियो की लोकप्रियता के पीछे इसकी अपेक्षाकृत कम कीमत को प्रमुख कारण माना जा रहा है। अमेरिका में इसकी शुरुआती कीमत 599 डॉलर रखी गई है, जबकि छात्रों के लिए यह 499 डॉलर में उपलब्ध है। भारत में इसकी कीमत 69,900 रुपये है और कुछ ऑफर के साथ यह करीब 57,900 रुपये में मिल सकता है। इस कीमत पर ऐपल का लैपटॉप मिलना कई ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है, जिससे इसकी बिक्री तेजी से बढ़ी है।

Advertisement

डिजाइन

फीचर्स और डिजाइन भी कर रहे आकर्षित

मैकबुक नियो में A18 प्रो चिप, 13 इंच का लिक्विड रेटिना डिस्प्ले, 8GB यूनिफाइड मेमोरी, 256GB SSD स्टोरेज और 16 घंटे तक की बैटरी लाइफ दी गई है। कंपनी ने इसे कई रंग विकल्पों में भी पेश किया है। विश्लेषकों का मानना है कि ग्राहक फिलहाल AI फीचर्स की बजाय कीमत, डिजाइन, पोर्टेबिलिटी और ऐपल इकोसिस्टम को ज्यादा महत्व दे रहे हैं। यही कारण है कि यह लैपटॉप तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

Advertisement