ऐपल ने किया WWDC 2026 का ऐलान, 8 जून से शुरू होगा बड़ा टेक इवेंट
क्या है खबर?
ऐपल ने अपने सालाना वर्ल्डवाइड डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस (WWDC) 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। यह बड़ा टेक इवेंट 8 जून से शुरू होकर 12 जून तक चलेगा। कंपनी के मुताबिक, इस कार्यक्रम में दुनियाभर के डेवलपर्स, डिजाइनर्स और स्टूडेंट्स हिस्सा लेंगे। इवेंट की शुरुआत भारतीय समय अनुसार रात 10:30 बजे 8 जून को ऐपल के कीनोट प्रेजेंटेशन से होगी। इस दौरान नए सॉफ्टवेयर फीचर्स और टेक्नोलॉजी अपडेट्स पेश किए जा सकते हैं।
फीचर्स
नए फीचर्स और AI अपडेट्स पर रहेगा फोकस
ऐपल ने बताया कि WWDC 2026 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और डेवलपर टूल्स पर खास ध्यान दिया जाएगा। कंपनी डेवलपर्स के लिए 100 से ज्यादा टेक्निकल सेशन आयोजित करेगी। इन सेशन्स में नए API, गेम डेवलपमेंट, डिजाइन टूल्स और ऐप डेवलपमेंट से जुड़े फीचर्स की जानकारी दी जाएगी। ऐपल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग से जुड़े नए अपडेट भी इस इवेंट का अहम हिस्सा रहेंगे। डेवलपर्स को ऐपल इंजीनियर्स और डिजाइनर्स से सीधे बातचीत करने का भी मौका मिलेगा।
लाइव स्ट्रीमिंग
लाइव स्ट्रीमिंग से दुनियाभर में देख सकेंगे इवेंट
कंपनी ने पुष्टि की है कि WWDC 2026 का कीनोट प्रेजेंटेशन लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। यूजर्स इसे ऐपल की आधिकारिक वेबसाइट, ऐपल टीवी ऐप और यूट्यूब चैनल पर देख सकेंगे। इवेंट खत्म होने के बाद इसका रिप्ले भी उपलब्ध रहेगा। प्लेटफॉर्म्स स्टेट ऑफ द यूनियन सेशन भी ऐपल डेवलपर ऐप और वेबसाइट के जरिए देखा जा सकेगा। ऐपल का कहना है कि डेवलपर्स को पूरे इवेंट के दौरान टेक्निकल गाइड्स, सेशन्स और जरूरी अपडेट्स ऑनलाइन मिलते रहेंगे।
डेवलपर्स
स्टूडेंट्स और डेवलपर्स को मिलेगा खास मौका
WWDC 2026 के दौरान ऐपल ग्रुप लैब्स सेशन भी आयोजित करेगी, जहां डेवलपर्स कंपनी के इंजीनियर्स और डिजाइनर्स के साथ लाइव सवाल-जवाब कर सकेंगे। इसके अलावा ऐपल डिजाइन अवॉर्ड्स 2026 के फाइनलिस्ट की भी घोषणा हो चुकी है। कंपनी ने बताया कि इस साल स्विफ्ट स्टूडेंट चैलेंज में दुनिया भर के 350 स्टूडेंट्स को विजेता चुना गया है। इनमें से 50 खास विजेताओं को क्यूपर्टिनो में तीन दिन के विशेष अनुभव के लिए आमंत्रित किया गया है।