एंथ्रोपिक ने अलीबाबा पर लगाया क्लाउड की नकल करने का आरोप
अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक का दावा है कि अलीबाबा ने उसकी क्लाउड चैटबॉट की नकल करने की कोशिश की है।
इसके लिए अलीबाबा ने लगभग 25,000 फर्जी अकाउंट्स का इस्तेमाल करके करीब 2.9 करोड़ बार इंटरेक्शन (बातचीत) की।
कंपनी का कहना है कि इन कोशिशों में क्लाउड की खास और एडवांस्ड खूबियों को चोरी छिपे हासिल करने की चाल चली गई। उसके मुताबिक, यह उसके नियमों का खुला उल्लंघन है।
AI एक्सपोर्ट कंट्रोल को सख्त बनाने की मांग
एंथ्रोपिक ने चेतावनी दी है कि इस तरह की नकल से अमेरिका की अरबों डॉलर की नई खोजें और टेक्नोलॉजी चीन के प्रतिस्पर्धियों के हाथ लग सकती हैं।
इतना ही नहीं यह देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है। कंपनी ने अमेरिकी कांग्रेस से गुहार लगाई है कि AI एक्सपोर्ट कंट्रोल को और सख्त बनाया जाए और ऐसी टेक्नोलॉजी की नकल करने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल, अलीबाबा ने इन आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।