एंथ्रोपिक ने AI मॉडल्स से प्रतिबंध हटाने के लिए अमेरिकी सरकार से लगाई गुहार
एंथ्रोपिक अपने मिथोस-5 और फैबल-5 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल्स पर लगे प्रतिबंध को हटवाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत कर रही है।
दरअसल, इन मॉडल्स को लॉन्च करने के तुरंत बाद ही इन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि आशंका थी कि इन AI मॉडल्स के सुरक्षा फीचर्स शायद गलत इस्तेमाल को पूरी तरह रोक नहीं पाएंगे।
खासकर, अमेरिका से बाहर के यूजर्स इन्हें संवेदनशील साइबर सुरक्षा से जुड़े कामों में इस्तेमाल करते हैं तो खतरा बढ़ सकता है।
एक्सपोर्ट कंट्रोल ऑर्डर की वजह से लगा प्रतिबंध
अमेरिकी सरकार के एक एक्सपोर्ट कंट्रोल ऑर्डर ने एंथ्रोपिक को मजबूर कर दिया कि वह दुनियाभर में इन AI मॉडल्स तक पहुंच रोक दे।
इसका सीधा असर भारत और यूरोप जैसे बड़े बाजारों के यूजर्स पर पड़ा है। अब एंथ्रोपिक अमेरिकी सरकार के साथ मिलकर कोई ऐसा रास्ता निकालने की कोशिश कर रहा है, जिससे सुरक्षा से जुड़ी सभी चिंताओं को दूर किया जा सके और लोग एक बार फिर इन AI मॉडल्स का इस्तेमाल कर पाएं।