एंथ्रोपिक के क्लाउड का डाटा अब भारत में ही रहेगा, स्थानीय सर्वर सपोर्ट शुरू
एंथ्रोपिक ने भारत में अमेजन बेडरॉक की सहायता से अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल क्लाउड के लिए स्थानीय सर्वर सपोर्ट शुरू कर दिया है।
इसका मतलब है कि जब आप यहां क्लाउड के ओपस 5, सॉनेट 5 या हायकू 4.5 जैसे मॉडल्स इस्तेमाल करते हैं तो आपका सारा डाटा देश के भीतर ही रहेगा।
इससे कंपनियों को डाटा प्राइवेसी के कड़े नियमों का पालन करने में आसानी होगी और उनकी संवेदनशील जानकारी भी सुरक्षित रहेगी।
क्लाउड के लिए दूसरा सबसे बड़ा बाजार
भारत क्लाउड के लिए पहले से ही दूसरा सबसे बड़ा बाजार है। यहां यूजर्स जितने भी पेशेवर काम क्लाउड से करवाते हैं, उनमें से 45.2 प्रतिशत केवल सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से जुड़े होते हैं।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और इंफोसिस जैसी बड़ी कंपनियां भी क्लाउड का इस्तेमाल कर रही हैं। एंथ्रोपिक की बेंगलुरु टीम 10 भारतीय भाषाओं में इसके सपोर्ट को बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है।
बैंकिंग और सरकारी विभागों जैसे जिन क्षेत्रों में डाटा देश में रखने के नियम बहुत सख्त होते हैं, वहां यह कदम उनके लिए काफी महत्वपूर्ण रहेगा। अब बैंक और सरकारी एजेंसियां बिना किसी झंझट के एडवांस्ड AI का इस्तेमाल आसानी से कर पाएंगी।