अंथ्रोपिक ने लॉन्च किए फेबल 5.1 और क्लाउड मिथोस 5.1, उपयोग हुआ सस्ता
अंथ्रोपिक ने अपने 2 नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल क्लाउड फेबल 5.1 और क्लाउड मिथोस 5.1 लॉन्च किए हैं। ये मॉडल कोडिंग, शोध और मुश्किल सवालों को हल करने की क्षमता को काफी बेहतर बना रहे हैं।
एक बड़े साइंस टेस्ट में फेबल 5.1 ने अपने पुराने वर्जन से दोगुने से भी ज्यादा स्कोर किया है। इसके कैश-रीड की कीमतों में 75 फीसदी की कमी की गई है, अब यह प्रति 10 लाख टोकन के लिए 0.25 डॉलर (करीब 24 रुपये) पड़ेगा।
इस वजह से यह आम इस्तेमाल के लिए करीब 25 फीसदी सस्ता हो गया है, वहीं आपको जटिल कोडिंग जैसे मुश्किल काम करने हों तो यह 45 फीसदी तक सस्ता पड़ेगा।
दोनों मॉडल्स ने पास की सुरक्षा जांच
मिथोस 5.1 को साइबर सुरक्षा और जीवन विज्ञान जैसे खास क्षेत्रों के लिए तैयार किया गया है, जहां इसका प्रदर्शन और भी बेहतर है। फेबल 5.1 ने नासा के डाटा का इस्तेमाल करके शुक्र ग्रह का नक्शा बनाने में पहले ही मदद की है।
अंथ्रोपिक इस साल की आखिर तक नई प्राइवेसी फीचर्स लाने की तैयारी में है, ताकि कंपनियां अपने डाटा को अपने ही सर्वर पर सुरक्षित रख सकें। साथ ही, इन दोनों मॉडल्स ने संवेदनशील क्षेत्रों के लिए बनाई गई कड़ी सुरक्षा जांचों को भी सफलतापूर्वक पास कर लिया है।