एंथ्रोपिक के सह संस्थापक ने की AI के लिए किल स्विच की पैरवी
एंथ्रोपिक के सह संस्थापक जैक क्लार्क का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों के लिए 'किल स्विच' बहुत जरूरी होना चाहिए।
यह एक इमरजेंसी ऑफ बटन जैसा होगा। अगर, हालात बेकाबू हो जाएं तो इसे दबाकर सिस्टम को बंद किया जा सकता है।
उन्होंने BBC को बताया कि ज्यादातर बड़ी AI लैब्स के पास पहले से ही अपने सिस्टम को बंद करने का इंतजाम है, लेकिन AI इतनी तेजी से आगे बढ़ रहा है कि सबकी सुरक्षा के लिए हमें और भी कड़े सुरक्षा नियम बनाने पड़ सकते हैं।
अमेरिका में लाया जा रहा किल स्विच एक्ट
यह बात ऐसे समय में सामने आई है, जब लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि बेकाबू और बेहद ताकतवर AI क्या कुछ कर सकता है?
एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोदेई जैसे कई बड़े उद्योगपति AI के विकास की रफ्तार धीमी करने की मांग कर रहे हैं।
उनका मानना है कि इस तकनीक की निगरानी बढ़नी चाहिए, लेकिन इससे कंपनियों को मिलने वाले व्यावसायिक फायदे पर भी असर नहीं पड़ना चाहिए।
अमेरिका में 'किल स्विच एक्ट' नाम का एक बिल भी लाया जा रहा है, ताकि AI को बंद करने वाले इन फीचर्स को कानूनी रूप दिया जा सके।
हालांकि, इस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटेन सरकार की तरफ से विरोध हो रहा है। यह दिखाता है कि भविष्य की इस तकनीक को कैसे कंट्रोल किया जाए, इसे लेकर राय कितनी बंटी हुई है।