ओपन-वेट मॉडल पर आलोचना के बाद एंथ्रोपिक ने कहा- पाबंदी नहीं, अनिवार्य टेस्टिंग जरूरी
एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोदेई कहते हैं कि उनकी कंपनी ओपन-वेट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल्स पर पाबंदी लगाने का दबाव नहीं डाल रही है।
ये ऐसे मॉडल होते हैं, जिन्हें लोग अपनी जरूरत के हिसाब से बदल या कस्टमाइज कर सकते हैं। हाल ही में ओपन-वेट AI मॉडल्स की सुरक्षा को लेकर कई बातें सामने आई हैं, खासकर मूनशॉट AI के किमी K3 मॉडल के लॉन्च के बाद।
खुले सिस्टम पर नजर रखना मुश्किल होता है, इसी वजह से चिंताएं और बढ़ गई हैं। हालांकि, इन पर पाबंदी लगाने के बजाय अमोदेई चाहते हैं कि सभी AI मॉडल्स की अनिवार्य सुरक्षा टेस्टिंग हो।
दिग्गज कंपनियां कर रही पाबंदी का विरोध
एनवीडिया के CEO जेंसेन हुआंग और माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला जैसे बड़े दिग्गज ओपन-वेट मॉडल पर रोक न लगाने की वकालत कर रहे हैं।
उनका तर्क है कि ये मॉडल AI को ज्यादा सुलभ बनाते हैं। हालांकि, एंथ्रोपिक इस समूह में शामिल नहीं हुआ है, जिसकी वजह से उसकी आलोचना भी हो रही है।
यह बहस तब और तेजी हो गई है, जब चीन AI के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी बीच, नीति-निर्माता इस बात पर विचार कर रहे हैं कि कैसे नए नियम बनाए जाएं, ताकि एडवांस AI सभी के लिए सुरक्षित रहे।