Page Loader
जल्द मिलेगा एंड्रॉयड 12 अपडेट, देखें नए फीचर्स और डिवाइसेज की लिस्ट
एंड्रॉयड 12 अपडेट सितंबर-अक्टूबर में रोलआउट हो सकता है।

जल्द मिलेगा एंड्रॉयड 12 अपडेट, देखें नए फीचर्स और डिवाइसेज की लिस्ट

Aug 14, 2021
11:57 am

क्या है खबर?

पिछले महीने गूगल की ओर से पिक्सल फोन यूजर्स के लिए एंड्रॉयड 12 बीटा 3.1 वर्जन रिलीज किया गया और जल्द सभी एंड्रॉयड यूजर्स के लिए नया अपडेट रोलआउट किया जाएगा। गूगल पिक्सल यूजर्स और दूसरे कंपैटिबल डिवाइस यूजर्स एंड्रॉयड 12 प्रिव्यू के लिए साइन-अप कर सकते हैं और बीटा वर्जन डाउनलोड कर सकते हैं। हालांकि, अगले महीने से एंड्रॉयड यूजर्स को लेटेस्ट ऑपरेटिंग सिस्टम का स्टेबल अपडेट मिलना शुरू हो जाएगा।

रोलआउट

सितंबर या अक्टूबर में स्टेबल अपडेट

एंड्रॉयड 12 ऑपरेटिंग सिस्टम का फाइनल बिल्ड सभी यूजर्स के लिए सितंबर के आखिर या फिर अक्टूबर की शुरुआत में रोलआउट हो सकता है। अभी बीटा बिल्ड इस्तेमाल करने का विकल्प यूजर्स को मिल रहा है। इस अपडेट के साथ कंपैटिबल डिवाइसेज को नया इंटरफेस और ढेरों नए फीचर्स मिलेंगे। कंपनी ने बताया है कि एंड्रॉयड 12 के साथ कौन से नए फीचर्स यूजर्स को मिलने वाले हैं और किन डिवाइसेज को सबसे पहले एंड्रॉयड 12 अपडेट मिलेगा।

फीचर्स

डिवाइस के इंटरफेस में होंगे बड़े बदलाव

नए एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम में सबसे बड़ा बदलाव यूजर्स को मैटीरियल यू UI के तौर पर देखने को मिलेगा। कंपनी का दावा है कि यह यूजर्स इंटरफेस 'ज्यादा बेहतर और मजेदार' होगा। नया UI वॉलपेपर की कलर थीम पर आधारित एक्सेंट कलर चुन लेगा और नोटिफिकेशन शेड से लेकर लॉक स्क्रीन और वॉल्यूम कंट्रोल्स में यूनीफाइड लुक मिलेगा। इसके अलावा लेटेस्ट एंड्रॉयड 12 अपडेट के साथ रीडिजाइन्ड विजेट्स भी यूजर्स को मिलेंगे।

प्राइवेसी

यूजर्स को मिलेंगे कई प्राइवेसी फीचर्स

नए अपडेट के साथ कंपनी का फोकस यूजर्स की प्राइवेसी और सिक्योरिटी पर भी होगा। एंड्रॉयड OS के प्राइवेसी फीचर्स से जुड़े एंड्रॉयड प्राइवेट कंप्यूट कोर इंजन की मदद से तय किया जाएगा कि फोन में मौजूद सभी ऐप्स की प्राइवेसी सेटिंग्स पर यूजर्स को पूरा कंट्रोल मिले। एंड्रॉयड 12 में एक नया प्राइवेसी डैशबोर्ड भी दिखा है, जिससे यूजर्स परमिशंस ऐक्सेस कर पाएंगे और तय कर सकेंगे कि कौन सी ऐप माइक्रोफोन या कैमरा ऐक्सेस कर सकती है।

गेमिंग

नए गेमिंग फीचर्स और परफॉर्मेंस इंप्रूवमेंट्स

गेमिंग पसंद करने वाले यूजर्स के लिए एंड्रॉयड 12 में एक गेमिंग डैशबोर्ड दिया जाएगा। इस डैशबोर्ड में स्क्रीन रिकॉर्डिंग, स्क्रीनशॉट्स, FPS मीटर, एक DND टॉगल, यूट्यूब स्ट्रीमिंग शॉर्टकट, प्ले गेम्स विजेट और ऑप्टिमाइजेशन मेन्यू दिखेगा। इसके अलावा गूगल कोर सिस्टम सर्विसेज में सुधार कर रही है, जिससे बेहतर ऑप्टिमाइज्ड परफॉर्मेंस और ज्यादा बैटरी लाइफ यूजर्स को मिलेगी। नए अपडेट के साथ क्रोम ब्राउजर जैसी गूगल ऐप्स में भी कुछ अपग्रेड्स देखने को मिल सकते हैं।

डिवाइसेज

इन डिवाइसेज को सबसे पहले अपडेट

एंड्रॉयड 12 का अपडेट सबसे पहले जिन डिवाइसेज को मिलेगा, उनमें पिक्सल 6, पिक्सल 6 प्रो और पिक्सल 3 के बाद लॉन्च सभी पिक्सल फोन्स शामिल हैं। इसके अलावा वनप्लस 9, वनप्लस 9 प्रो, शाओमी Mi 11, Mi 11 अल्ट्रा, Mi 11i और Mi 11X प्रो को जल्द नया अपडेट मिलेगा। ओप्पो फाइंड X3 प्रो, आसुस जेनफोन 8, रियलमी GT, वीवो iQOO 7 लीजेंड और नोकिया X20 जैसे फोन भी इस लिस्ट में शामिल हैं।