भारत का पहला निजी उपग्रह अगले साल होगा लॉन्च, जानिए क्या होगा इसका फायदा
अनंत टेक्नोलॉजीज भारत का पहला निजी संचार उपग्रह 'अनंतसैट-1' बना रही है। यह उपग्रह 2029 तक लॉन्च होगा और इससे 100Gbps से ज्यादा बैंडविड्थ मिलेगी।
इसका फायदा इंटरनेट, ऑनलाइन शिक्षा और टेलीमेडिसिन को मिलेगा, खासकर दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को।
कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक डॉ. सुब्बा राव पावलुरी ने इंडिया स्पेस कांग्रेस में इस बात का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि यह कदम निजी अंतरिक्ष कंपनियों के लिए बहुत अहम है।
अनंतसैट-1 में का-बैंड तकनीक का उपयोग
अनंतसैट-1 उपग्रह 89-डिग्री पूर्व की कक्षा में चक्कर लगाएगा। इसमें तेज डाटा स्पीड के लिए का-बैंड तकनीक का उपयोग होगा।
भारत में सैटेलाइट बैंडविड्थ की मांग लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यह तकनीक काफी महत्वपूर्ण है। उपग्रह टेलीमेडिसिन और शिक्षा सेवाओं के साथ-साथ सशस्त्र बलों के संचार को भी मजबूती देगा।
इस उपग्रह को भारतीय रॉकेट से लॉन्च करने से पहले देश में ही असेंबल और टेस्ट किया जाएगा। यह दर्शाता है कि देश के अपने वैज्ञानिक और इंजीनियर अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत का भविष्य किस तरह गढ़ रहे हैं।