चेन्नई के एक एग्री-टेक स्टार्टअप फार्मवाइज AI इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है। इसके संस्थापक आनंद वेत्रिवेल ने चेन्नई मेट्रो की येलो लाइन के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जिसके बाद यह स्टार्टअप चर्चा में आ गया।
इसका मुख्य काम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) तकनीक का इस्तेमाल करके किसानों की जमीनी समस्याओं को सुलझाना है।
यह सैटेलाइट तस्वीरों की मदद से फसल का प्रकार और उसके बढ़ने की स्थिति जैसी बातें बता पाती है। भले ही फार्मवाइज ने खेती के सेक्टर से शुरुआत की हो, लेकिन अब यह जल प्रबंधन, खनन और शहरी योजना जैसे क्षेत्रों में भी काम कर रही है।
4 करोड़ से ज्यादा प्लॉट का नक्शा किया तैयार
फार्मवाइज ने तमिलनाडु में 4 करोड़ से ज्यादा जमीन के प्लॉट का नक्शा तैयार कर लिया है, जिसमें 97 फीसदी तक सटीकता मिली है। स्मार्ट खेती की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
अब यह स्टार्टअप तेलंगाना में भी अपने काम का विस्तार कर रहा है। इसके लिए AI सिंगापुर और अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) जैसे पार्टनर्स के साथ मिलकर बड़े जियो AI प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के समर्थन से करूर वैश्य बैंक के साथ कृषि ऋण के लिए दूरस्थ खेत सत्यापन का एक पायलट प्रोजेक्ट भी चल रहा है।
इसके अलावा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सरकारों के साथ भी इसकी बातचीत जारी है। फार्मवाइज का लक्ष्य है कि वह अपने स्मार्ट समाधानों को भारत के ज्यादा से ज्यादा किसानों तक पहुंचाए।