अमेरिका की रात में सूरज की रोशनी धरती पर भेजने की योजना
अमेरिका ने रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल की एक बड़ी योजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत एरेन्डिल-1 नाम का एक सैटेलाइट लॉन्च किया जाएगा।
इसमें करीब 60 फीट का एक बड़ा शीशा लगा होगा, जो रात में सूरज की रोशनी को धरती पर वापस भेजेगा। जल्द ही लॉन्च होने वाला यह सैटेलाइट 3 मील (करीब 5 किलाेमीटर) तक के इलाकों को रोशन करेगा। इससे रात में चल रहे कंस्ट्रक्शन साइट, आपदाग्रस्त इलाके या फिर सूरज ढलने के बाद सोलर पावर को बढ़ाया जा सकेगा।
रोशनी टेलीस्कोप पर डाल सकती है असर
रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल को उम्मीद है कि वह 2035 तक हजारों और भी कई सैटेलाइट भेज पाएगा, जिनमें शीशे और भी बड़े होंगे, लेकिन सब लोग इस योजना से खुश नहीं हैं।
खगोलविदों को डर है कि ये चमकदार रोशनी टेलीस्कोप के काम में रुकावट डाल सकती है, वहीं विशेषज्ञों ने जानवरों और इंसानों की नींद के चक्र पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चेताया है।
पायलटों और चालकों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि अगर, इन शीशों से अचानक तेज चमक पैदा हुई तो यह उनके लिए खतरा बन सकती है।