अमेजन ने मेटा के म्यूज AI एजेंट को अपने प्लेटफॉर्म पर किया ब्लॉक
अमेजन ने यूजर डाटा के इस्तेमाल को लेकर उठ रही चिंताओं के कारण मेटा के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) असिस्टेंट म्यूज को अपने प्लेटफार्म से ब्लॉक कर दिया है।
अमेजन ने मेटा से म्यूज के जरिए अमेजन डॉट कॉम तक पहुंचने की सुविधा बंद करने का अनुरोध किया था, लेकिन फेसबुक की मूल कंपनी ने इसे अनदेखा कर दिया। इसके बाद ही यह कदम उठाया गया।
अमेजन पर म्यूज इस्तेमाल करने की कोशिश करने वाले किसी भी यूजर को एक मैसेज दिखा, जिसमें बताया गया था कि नियमों का उल्लंघन करने की वजह से इसे ब्लॉक कर दिया गया है।
मेटा ने आरोपों को किया खारिज
अमेजन का आरोप है कि मेटा ने बिना किसी पूर्व सूचना के म्यूज को लॉन्च किया और इससे ग्राहकों की जानकारी का गलत इस्तेमाल हो सकता है।
कंपनी के एक प्रवक्ता ने साफ किया कि प्लेटफार्म के नियमों का सम्मान करना अनिवार्य है। दूसरी तरफ, इंस्टाग्राम की मूल कंपनी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यूजर डाटा पूरी तरह सुरक्षित है और उसे सीधे एक्सेस नहीं किया जा सकता।
इन मतभेदों के बावजूद ये दोनों टेक कंपनियां अभी भी साथ मिलकर काम कर रही हैं। दरअसल, मेटा ने अप्रैल में अमेजन के खास ग्रेविटोन सर्वर चिप्स का इस्तेमाल करके अपने ऑटोनॉमस AI एजेंट्स चलाने के लिए एक अनुबंध किया था।