ऑल्टमैन ने मस्क पर लगाया OpenAI का नियंत्रण अपने हाथ में लेने का आरोप
क्या है खबर?
एलन मस्क की ओर से OpenAI के खिलाफ किए गए मुकदमे में आए दिन आरोप-प्रत्यारोपों के बाद नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अपने बचाव में गवाही देने पहुंचे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने टेस्ला प्रमुख पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मस्क ने कंपनी पर नियंत्रण करने की कोशिश की थी। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी मृत्यु के बाद कंपनी उनके बच्चों को सौंपने का सुझाव दिया।
जवाब
आरोप का ऑल्टमैन ने दिया यह जवाब
ऑल्टमैन से पूछा गया कि मस्क के इस आरोप के बारे में उनका क्या विचार है कि OpenAI के अन्य संस्थापकों ने AI मॉडल्स को बेचने के लिए एक लाभ-आधारित सहायक कंपनी शुरू करके एक चैरिटी से धन चुराया। इस पर उन्होंने कहा, "इस तरह की बात को समझना मेरे लिए मुश्किल है। हमने दुनिया की सबसे बड़ी चैरिटी संस्थाओं में से एक की स्थापना की है। यह संस्था अविश्वसनीय काम कर रही है और आगे भी बहुत कुछ करेगी।"
सुझाव
मस्क ने दिया था यह सुझाव
ऑल्टमैन ने कहा कि मस्क ने न केवल OpenAI को एक लाभ कमाने वाली कंपनी बनाने के विचार का समर्थन किया, बल्कि वे लंबे समय तक इस पर नियंत्रण रखना चाहते थे। जब उनसे मृत्यु के बाद कंपनी पर नियंत्रण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने अपने बच्चों का नाम बताया। उन्होंने बताया कि कंपनी के बोर्ड में अधिक सीटें और CEO बनने की इच्छा के साथ-साथ मस्क ने इसे टेस्ला की सहायक कंपनी बनाने का सुझाव दिया।