अलीबाबा ने लॉन्च की चीन की सबसे ताकतवर AI चिप
अलीबाबा ने झेनवू V900 नाम से एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह चीन का अब तक का सबसे ताकतवर AI चिप है और इसे एनवीडिया के चिप्स को टक्कर देने के इरादे से लाया गया है।
यह बड़े-बड़े AI मॉडल को ट्रेन करने के लिए 5 लाख यूनिट्स तक को आपस में जोड़ सकता है और इसकी परफॉर्मेंस अपने पिछले वर्जन से 3 गुना ज्यादा है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एडी वू ने बताया कि अलीबाबा क्लाउड ने 2032 तक दुनियाभर में 20 गीगावाट डाटा सेंटर क्षमता का लक्ष्य तय किया है। यह उनके तकनीकी भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
AI पर 53 अरब डॉलर खर्च करने की योजना
कंपनी 10,000 अरब पैरामीटर तक के सुपर-साइज AI मॉडल पर भी काम कर रही है। उसने झेनवू प्रोडक्ट फैमिली की 5.6 लाख यूनिट्स की डिलीवरी भी कर दी है।
अलीबाबा ने अपनी AI क्षमताओं को बढ़ाने के लिए अगले 3 सालों में 53 अरब डॉलर (करीब 5,000 अरब रुपये) से ज्यादा खर्च करने की योजना बनाई है।
उनका मकसद है कि अगले 5 सालों में क्लाउड और AI से होने वाली सालाना कमाई को 5 गुना बढ़ाकर 100 अरब डॉलर (करीब 9,500 अरब रुपये) तक पहुंचाया जा सके।
इसके अलावा, कंपनी ने अगस्त में हांगकांग में शेयर बेचकर लगभग 10.2 अरब डॉलर (करीब 950 अरब रुपये) जुटाए थे।
इसी के साथ उन्होंने अलीबाबा क्लाउड के लिए 2032 तक दुनियाभर में 20 गीगावाट डाटा सेंटर क्षमता का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।