शिक्षा में तेजी से बढ़ रहा इन AI टूल्स का इस्तेमाल
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला रहा है। अब स्कूल और कॉलेज ऐसे AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो हर छात्र की जरूरत के हिसाब से पढ़ाई का तरीका तैयार करते हैं। ये टूल छात्रों की कमजोरियों और सीखने की गति को समझकर उसी अनुसार पढ़ाई का कंटेंट देते हैं। AI आधारित पढ़ाई से छात्रों के परीक्षा परिणाम और कोर्स पूरा करने की दर में काफी सुधार देखा गया है।
#1
मैजिकस्कूल AI से आसान हुई पढ़ाई की तैयारी
मैजिकस्कूल AI जैसे टूल शिक्षकों के लिए पढ़ाई की योजना बनाना आसान कर रहे हैं। यह टूल अलग-अलग विषयों और कक्षाओं के हिसाब से लेसन प्लान तैयार कर देता है। शिक्षक जरूरत के अनुसार उसमें बदलाव भी कर सकते हैं। इससे हर छात्र की क्षमता और जरूरत के हिसाब से पढ़ाई कराना आसान हो रहा है। छोटे-छोटे काम AI करने लगा है, जिससे शिक्षकों को छात्रों को बेहतर तरीके से समझाने का समय मिल पा रहा है।
#2
पावरस्कूल पावरबडी दे रहा तुरंत फीडबैक
पावरस्कूल पावरबडी जैसे प्लेटफॉर्म छात्रों को तुरंत जवाब और मदद देने का काम कर रहे हैं। यह एक डिजिटल सहायक शिक्षक की तरह काम करता है। छात्र जब सवाल हल करते हैं, तब यह उन्हें तुरंत सही या गलत की जानकारी देता है। साथ ही आगे क्या सुधार करना है, यह भी बताता है। इससे छात्रों को कठिन विषय समझने में आसानी होती है। इस तरह के AI टूल पढ़ाई को ज्यादा रोचक बना रहे हैं।
#3
हर छात्र के लिए पढ़ाई के अलग रास्ते
NotebookLM और दूसरे AI ऐप अब पढ़ाई के दस्तावेजों को आसान स्टडी गाइड और ऑडियो सामग्री में बदल रहे हैं। यह हर छात्र की सीखने की शैली और समझ के हिसाब से कंटेंट तैयार करते हैं। कुछ प्लेटफॉर्म सवाल-जवाब और पढ़ाई की प्रगति पर नजर रखने की सुविधा भी दे रहे हैं। इससे छात्रों को दोहराई करने में आसानी होती है। कई छात्र अब लंबे नोट्स पढ़ने के बजाय AI की मदद से आसान तरीके में पढ़ाई कर रहे हैं।
#4
ChatGPT बना छात्रों का नया डिजिटल शिक्षक
ChatGPT जैसे टूल अब छात्रों के लिए डिजिटल शिक्षक की तरह काम कर रहे हैं। यह गणित, कोडिंग, विज्ञान और दूसरे विषयों में तुरंत मदद दे सकता है। छात्र इसमें सवाल पूछकर आसान भाषा में जवाब पा सकते हैं। इसका वॉइस फीचर पढ़ाई को और आसान बना रहा है। AI छात्रों को उनकी जरूरत के अनुसार समझाने की कोशिश करता है, जिससे कठिन विषय भी आसानी से समझ में आने लगे हैं।