मेटा अब बाल यौन शोषण कंटेंट की भारतीय एजेंसियों को देगी जानकारी
इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की मूल कंपनी मेटा अब अपने प्लेटफॉर्म्स पर बाल यौन शोषण से जुड़ा कंटेंट (CSAM) मिलने पर सीधे भारत की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को इसकी जानकारी देगी। यह फैसला सरकार के साथ हुई बातचीत के बाद आया है।
दरअसल, सरकार ने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता बनाया हुआ है और वह युवाओं को इंटरनेट पर सुरक्षित रखने के लिए सोशल मीडिया कंपनियों के साथ मिलकर लगातार काम कर रही है।
नुकसानदेह कंटेंट को लेकर चेताया
भारत सरकार मेटा जैसे प्लेटफॉर्म्स पर हानिकारक और भ्रामक कंटेंट के खिलाफ और ज्यादा सख्ती बरतने का दबाव बना रही है।
सरकार ने साफ चेतावनी दी है कि अगर, ये प्लेटफॉर्म्स नियमों का पालन नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बाल यौन शोषण से जुड़े मामलों की रिपोर्ट भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंपने पर सहमति जताकर मेटा अपने प्लेटफॉर्म्स को बच्चों के लिए ज्यादा सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहा है।