एडोब ने की एनिमेट सॉफ्टवेयर बंद करने की घोषणा, जानिए कब से नहीं होगा उपलब्ध
क्या है खबर?
एडोब ने अपने 2D एनिमेशन सॉफ्टवेयर एनिमेट को बंद करने का फैसला किया है। कंपनी ने अपनी सपोर्ट साइट पर ग्राहकों को ईमेल भेजकर घोषणा की कि यह सॉफ्टवेयर 1 मार्च से बंद कर दिया जाएगा। कंपनी ने बताया कि एंटरप्राइज ग्राहकों को बदलाव में आसानी के लिए 1 मार्च, 2029 तक और अन्य ग्राहकों को 1 मार्च, 2027 तक डाउनलोड और एक्सेस मिलता रहेगा। यह कदम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर ध्यान केंद्रित करने के लिए उठाया गया है।
विकल्प
सॉफ्टवेयर का विकल्प नहीं दिया
कंपनी एनिमेट के बंद करने के साथ ग्राहकों को होने वाली कमियों को दूर करने वाला कोई सॉफ्टवेयर भी सुझा नहीं पा रही है। इसके बजाय उसका कहना है कि क्रिएटिव क्लाउड प्रो प्लान वाले ग्राहक अन्य एडोब ऐप्स का उपयोग करके एनिमेट की कुछ कार्यक्षमताओं को पूरा कर सकते हैं। ऐसा लगता है कि एनिमेट अब कंपनी की मौजूदा आकांक्षा को पूरा नहीं करता, क्योंकि अब वह AI तकनीक से युक्त उत्पादों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रही है।
नाराजगी
इस फैसले से यूजर्स में नाराजगी
इस फैसले से इसके यूजर्स में निराशा और आक्रोश की भावना पैदा हुई है, जो इसकी कार्यक्षमता के समान विकल्प उपलब्ध न होने को लेकर चिंतित हैं। एक ग्राहक ने गुहार लगाई कि कम से कम सॉफ्टवेयर को बंद करने के बजाय उसे ओपन सोर्स कर दिया जाए। एक यूजर ने कहा, "यह सचमुच मेरी जिंदगी बर्बाद कर देगा, आखिर ये लोग कर क्या रहे हैं? एडोब के इतने सारे यूजर्स तो एनिमेट की वजह से ही सब्सक्रिप्शन लेते हैं।"