वॉटरलू यूनिवर्सिटी के एक नए शोध में यह बात सामने आई है कि विटामिन C पेट को कैंसर पैदा करने वाले रसायनों से बचा सकता है। यह इन हानिकारक रसायनों को बनने से रोकता है।
वैज्ञानिकों ने अपने शोध में पाया कि जब भोजन पचने की प्रक्रिया के दौरान विटामिन C मौजूद होता है तो वह खाने में पाए जाने वाले नाइट्राइट के साथ प्रतिक्रिया करता है।
इस प्रतिक्रिया से खतरनाक नाइट्रोसामाइन की जगह हानिरहित नाइट्रिक ऑक्साइड बनता है। बता दें कि नाइट्रोसामाइन से कैंसर का खतरा काफी बढ़ जाता है।
खाने में भी शामिल करें विटामिन C
इस शोध में एक अहम जानकारी यह भी मिली है कि पालक जैसी कई सब्जियों में प्राकृतिक रूप से विटामिन C मौजूद होता है। यही वजह है कि उनमें नाइट्रेट होने के बावजूद ये सब्जियां सेहत के लिए कम खतरनाक मानी जाती हैं।
दूसरी तरफ, प्रोसेस्ड मीट (सॉसेज, बेकन) में नाइट्राइट की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। इनमें विटामिन C का सुरक्षात्मक प्रभाव नहीं मिलता, इसलिए इन्हें लगातार खाने से कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है।
इस शोध का सीधा-सा मतलब यह है कि अगर, आप अपने खाने के साथ विटामिन C से भरपूर चीजें (संतरे या शिमला मिर्च) लेंगे तो आपका पेट ज्यादा स्वस्थ रह सकता है। पेट को स्वस्थ रखने का यह एक आसान और सरल उपाय हो सकता है।