ऐपल को 17 जून, 2027 को पेरिस के कोर्ट में मुकदमे का सामना करना होगा। कंपनी पर आरोप है कि वह जानबूझकर कुछ आईफोन को जल्दी खराब करती है, ताकि लोग नए फोन खरीदें।
फ्रांसीसी अभियोजकों का दावा है कि कंपनी ने थर्ड-पार्टी रिपेयर को रोका, जिससे लोगों के लिए अपने फोन ठीक करवाना मुश्किल हो गया।
इस मामले की शुरुआत 2022 में 'स्टॉप प्लांड ऑब्सोलेसेन्स' नाम के एक समूह की शिकायत के बाद हुई थी। दूसरी तरफ, आईफोन निर्माता का कहना है कि ये सभी आरोप 'बेबुनियाद' हैं।
फैसले से 'मरम्मत के अधिकार' को मिलेगा नया रूप
यह मुकदमा टेक कंपनियों द्वारा उत्पादों की मरम्मत और उनके जीवनकाल से निपटने के तरीके में बड़ा बदलाव ला सकता है। अगर, कोर्ट ऐपल के खिलाफ फैसला सुनाती है तो इससे उपभोक्ताओं के अधिकारों और 'मरम्मत के अधिकार' के लिए नए मानक तय हो सकते हैं।
यह उन उपभोक्ताओं के लिए अहम होगा, जो चाहते हैं कि उनके डिवाइस लंबे समय तक चलें और उन्हें अनावश्यक रूप से ज्यादा पैसे खर्च न करने पड़ें।
ऐपल का अधिकांश कारोबार आईफोन की बिक्री पर निर्भर करता है। ऐसे में इस मामले का असर फ्रांस के बाहर भी दूर-दूर तक फैल सकता है।