ये 5 AI टूल्स घर पर औषधीय बागवानी को बनाते हैं आसान
क्या है खबर?
घर पर जड़ी-बूटियां उगाना अब काफी आसान हो गया है। अगर, आप बागवानी के थोड़े-बहुत हुनर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स के साथ जोड़ दें तो बिना किसी परेशानी के जड़ी-बूटियां उगा सकते हैं। चाहे आपके पास छोटी खिड़की हो या रसोई में थोड़ी ज्यादा जगह, ये टूल्स आपको सही जड़ी-बूटियां चुनने, अपने बगीचे को डिजाइन करने और पौधों की दिक्कतें पहले ही पकड़ने में मदद करते हैं। आइये जानते हैं हर्ब गार्डनिंग में उपयोगी 5 AI टूल्स कौनसे हैं।
#1
गार्डन प्लानिंग के लिए माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट
माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट आपके पास कितनी जगह है, कितनी धूप आती है और आप गार्डनिंग में क्या चाहते हैं, इन सब बातों को ध्यान में रखकर एक साधारण हर्ब गार्डन बनाने में मदद करता है। यह बेसिल, पुदीना, पार्सले, थाईम और रोज़मेरी जैसी जड़ी-बूटियों के लिए प्लांटिंग प्लान देता है। साथ ही, पानी देने और उनकी देखभाल करने का पूरा शेड्यूल भी मिल जाता है। यह तस्वीर के जरिए गमलों या कंटेनरों को अच्छे तरीके से लगाने का तरीका बताता है।
#2
AI गार्डन एंड होम: नेनो होम डिजाइन ऐप
यह नया और बेहतरीन डिजाइन ऐप है, जो आपकी बालकनी या घर के पीछे की जगह की तस्वीरों को लेकर उन्हें अलग-अलग बगीचे के लेआउट में बदल देता है। हर्ब गार्डनिंग करने वालों के लिए यह ऐप यह भी बताता है कि गमलों को रोशनी और पहुंच के हिसाब से सबसे अच्छी जगह कहां रखा जाए। गमलों को एक जगह से दूसरी जगह रखने या सामान खरीदने से पहले ही लेआउट देखने की सुविधा समय बचाती है।
#3
खास जड़ी-बूटियों की देखभाल के लिए ChatGPT
ChatGPT आपको सटीक सलाह देता है कि धनिया को कितनी बार पानी देना है या बेसिल को कब और कैसे काटना है, ताकि वह ज्यादा घना हो जाए। इतना ही नहीं, यह हर महीने की देखभाल से जुड़ी लिस्ट और पीली पत्तियों या धीमी ग्रोथ जैसी आम समस्याओं को ठीक करने के तरीके भी बताता है। यह टूल खाने बनाने के लिए अलग-अलग जड़ी-बूटियों को एक साथ कैसे इस्तेमाल करें, इसकी जानकारी भी देता है।
#4
इमेज रिकॉग्निशन वाले AI प्लांट हेल्थ ऐप
AI प्लांट आइडेंटिफिकेशन ऐप जड़ी-बूटियों की तस्वीरों का विश्लेषण करके पत्तियों पर धब्बे या कीटों से होने वाले नुकसान जैसी समस्याओं का पता लगाते हैं। जब पार्सले की पत्तियां मुड़ने लगें या रोजमेरी के पौधे कमजोर पड़ रहे हों, ऐसी स्थिति में ये ऐप्स बहुत काम आते हैं। समय पर समस्या का पता चलने से आप हालात बिगड़ने से पहले ही सुधार कर सकते हैं, जिससे पौधों को नुकसान पहुंचने से पहले बचाया जा सकता है।
#5
AI रिकमेंडेशन वाले स्मार्ट गार्डन सेंसर
AI से चलने वाले मिट्टी के सेंसर घर पर लगाई गई जड़ी-बूटियों के बगीचे में नमी का स्तर, pH बैलेंस और रोशनी की स्थिति पर भी नजर रखते हैं। इनमें से ज्यादातर सेंसर फोन ऐप से जुड़ जाते हैं और अपनी जुटाई गई जानकारी के आधार पर आपको सुझाव देते हैं। यह उन जड़ी-बूटियों के लिए बहुत सुविधाजनक है, जिन्हें गमलों में उगाया जाता है, क्योंकि ऐसे गमलों की मिट्टी जल्दी सूख जाती है।