बेकार पड़े सिम कार्ड्स से निकाला 191 ग्राम सोना, सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा वीडियो
क्या है खबर?
चीन में एक व्यक्ति ने बेकार पड़े सिम कार्ड्स से 191 ग्राम सोना निकालने का दावा किया है। उसने इसका एक वीडियो शेयर किया है, जो वायरल हो गया है। इस वीडियो ने लोगों में सोने निकालने की होड़ मचा दी है, हालांकि उसने सुरक्षा संबंधी जोखिमों के बारे में भी चेतावनी दी है। सोशल मीडिया पर 'कियाओ' के नाम से मशहूर यह व्यक्ति चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के हुइझोउ शहर का रहने वाला है।
तरीका
इस तरह से निकाला सोना
वीडियो में कीमती धातु को रिफाइन करने वाले इस व्यक्ति को एक सिम कार्ड को रासायनिक बैरल में डुबोते और सोने को निकालने के लिए संक्षारण, विस्थापन और तापन सहित कई अभिक्रियाएं करते हुए दिखाया है। SCMP की रिपोर्ट के अनुसार, सामग्री को छानने और गर्म करने के बाद अंत में 191 ग्राम सोना प्राप्त होता है, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख युआन (लगभग 26.10 लाख रुपये) है। इस वीडियो को 50 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है।
हिस्सा
एक सिम में कितना होता है सोना?
कियाओ ने शियाओशियांग मॉर्निंग पोस्ट को बताया कि सोना केवल सिम कार्ड से ही नहीं निकाला गया था। उन्होंने कहा कि लगभग 2 टन स्क्रैप का इस्तेमाल किया, जिसमें दूरसंचार चिप का कचरा भी शामिल था। रिपोर्ट के अनुसार, एक सिम कार्ड में 0.001 ग्राम से भी कम सोना होता है। उन्होंने आगे बताया कि कुछ हिस्सों में मजबूती और जंग प्रतिरोध बढ़ाने के लिए कीमती धातु की पतली परत चढ़ाई जाती है।