लोकसभा अध्यक्ष को पद से हटाने के प्रस्ताव पर होगी चर्चा? भाजपा ने जारी किया व्हिप
क्या है खबर?
भाजपा ने संसद में बजट सत्र के दूसरे चरण को लेकर अपने सभी सांसदों को 9 और 10 मार्च को संसद की कार्यवाही के दौरान उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है। बताया जा रहा है कि विपक्ष द्वारा लोकसभा अध्यक्ष को हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा की जा सकती है। बता दें कि संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू हो रहा है, जिसमें अहम विधायी कार्य और अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
व्हिप
भाजपा ने व्हिप में क्या कहा?
भाजपा ने व्हिप में कहा है, 'बजट सत्र के दूसरे चरण में कुछ अत्यंत महत्वपूर्ण विधायी कार्यों पर चर्चा होगी। लोकसभा में भाजपा के सभी सदस्यों से अनुरोध है कि वे 9 और 10 मार्च दोनों दिन सदन में उपस्थित रहें और सरकार के रुख का समर्थन करें।' बता दें कि इस तरह के व्हिप पार्टियों द्वारा नियमित रूप से जारी किए जाते हैं ताकि उसके सभी सदस्य महत्वपूर्ण चर्चाओं और विधेयकों पर चर्चा के दौरान संसद में उपस्थित रहें।
कारण
बिरला के खिलाफ क्यों पेश किया गया था अविश्वास प्रस्ताव?
पिछले महीने विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। उन पर पक्षपातपूर्ण काम करने का आरोप लगाया गया था। प्रस्ताव पर 118 सांसदों ने हस्ताक्षर थे। सूत्रों के अनुसार, 9 मार्च को बैठक होने पर इस प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना है। जब तक प्रस्ताव पर चर्चा और निर्णय नहीं हो जाता तब तक बिरला के लोकसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता करने की संभावना नहीं है। वह सांसदों के साथ बैठेंगे।