प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में कहा- CAA लागू करने में लाएंगे तेजी, घुसपैठियों को जाना होगा
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में 3 रैलियों को संबोधित किया। पूर्व वर्धमान जिले के कटवा में उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) को लागू करने में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा, "मैं मतुआ और नामासुद्र शरणार्थी परिवारों को बताना चाहता हूं कि वे देश के संविधान के संरक्षण में हैं। मोदी ने CAA कानून इसलिए लागू किया ताकि मतुआ, नामासुद्र और सभी शरणार्थियों को नागरिकता मिल सके।"
बयान
प्रधानमंत्री ने कहा- घुसपैठियों के सामान पैक करने का समय आ गया
अवैध अप्रवासन पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "घुसपैठियों को अपना सामान पैक करना शुरू कर देना चाहिए। अब जाने का समय आ गया है। घुसपैठियों की मदद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा सरकार बनने के बाद CAA के तहत नागरिकता प्रदान करने की प्रक्रिया पात्र आवेदकों के लिए तेज कर दी जाएगी। भाजपा ने शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए CAA लागू किया, जबकि सत्तारूढ़ TMC लोगों में भय फैलाने की कोशिश कर रही है।"
संबोधन
प्रधानमंत्री के संबोधन की बड़ी बातें
आजादी के बाद से बंगाल को चुनौती देने की हिम्मत करने वाले हर व्यक्ति का अहंकार चकनाचूर हो गया है। अब जनता TMC के अहंकार को चकनाचूर कर देगी। भाजपा सरकार बनने पर राज्य में कमीशन और भ्रष्टाचार की व्यवस्था खत्म कर दी जाएगी। बंगाल के लोगों ने TMC को घुसपैठियों की सरकार बनने नहीं देना है। ये चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि बंगाल की पहचान बचाने का चुनाव है।