Page Loader
कर्नाटक: भाजपा सांसद ने कही 'संविधान बदलने' की बात, कांग्रेस ने किया पलटवार
भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े विवादित बयान के कारण चर्चा में है

कर्नाटक: भाजपा सांसद ने कही 'संविधान बदलने' की बात, कांग्रेस ने किया पलटवार

Mar 10, 2024
05:10 pm

क्या है खबर?

भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े एक बार अपने विवादित बयान के कारण चर्चा में है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्यसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद संविधान में बदलाव करेगी। यह संशोधन कांग्रेस द्वारा 'हिंदू समुदाय को कमजोर करने वाली' 'गैरजरूरी चीजों' को बदलने के लिए किया जाएगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के 'अबकी बार 400 पार' के नारे को समझाते हुए यह बात कही।

बयान

हेगड़े बोले- संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी

कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ा जिले के सिद्दापुर में बोलते हुए हेगड़े ने कहा, "संविधान में संशोधन करना होगा क्योंकि कांग्रेस के लोगों ने कुछ अनावश्यक चीजें, विशेष रूप से हिंदू समुदाय को कमजोर करने वाले कानून लाकर इसे मौलिक रूप से बदल दिया है। अगर यह सब बदलना है तो यह दो-तिहाई बहुमत के बिना नहीं किया जा सकता।" हेगड़े इससे पहले 2017 में भी संविधान बदलने की बात कह चुके हैं।

प्रतिक्रिया

कांग्रेस ने साधा निशाना 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस बयान को लेकर भाजपा को घेरा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'भाजपा सांसद का बयान कि उन्हें 400 सीट संविधान बदलने के लिए चाहिए, नरेंद्र मोदी और उनके 'संघ परिवार' के छिपे हुए मंसूबों का सार्वजनिक ऐलान है। नरेंद्र मोदी और भाजपा का अंतिम लक्ष्य बाबा साहेब के संविधान को ख़त्म करना है। उन्हें न्याय, बराबरी, नागरिक अधिकार और लोकतंत्र से नफरत है।' राहुल ने लिखा कि वो ये षड्यंत्र सफल नहीं होने देंगे।