पंजाब में कितना सफल रहा है अकाली दल और भाजपा का गठबंधन? जानिए इनका इतिहास
क्या है खबर?
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भाजपा एक बार फिर साथ आ गए हैं। दोनों पार्टियों का गठबंधन 1996 में हुआ था, जो लगातार 24 साल तक चलता रहा, लेकिन 2020 में दोनों पार्टियों ने पहली बार अलग-अलग राहें पकड़ लीं। अपने 24 साल के साथ में दोनों पार्टियों ने 5 बार चुनाव लड़ा है। यह गठबंधन पंजाब में कितना सफल रहा और आगे इसका क्या भविष्य है? आइए, जानते हैं।
गठबंधन
कब और किसने रखी गठबंधन की नींव?
पंजाब में अकाली दल और जनसंघ का साथ पुराना है, लेकिन दोनों पार्टियों में गठबंधन के मुख्य वास्तुकार अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल माने जाते हैं। वे गठबंधन को 'नाखून-मांस का रिश्ता' कहते थे।
फरवरी 1996 में अकाली दल ने मोगा में एक सम्मेलन किया था, जिसे 'मोगा घोषणा' कहा जाता है। उस सम्मेलन सेअकाली दल की राजनीतिक पहचान बढ़ी।
तब भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व में अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी प्रमुख भूमिका में थे।
चुनाव
गठबंधन के बाद पहले चुनाव में किया कमाल
वर्ष 1996 में गठबंधन के बाद दोनों पार्टियों ने 1997 के विधानसभा चुनाव में साथ लड़ने का ऐलान कर दिया। कुल 117 सीटों में अकाली दल ने 94 और भाजपा ने 23 सीटों पर चुनाव लड़ा।
परिणाम गठबंधन के पक्ष में गए। अकाली दल ने 75 और भाजपा ने 18 सीट जीती। कांग्रेस को 14 सीटों से संतोष करना पड़ा।
इसके बाद 12 फरवरी, 1997 को बादल को अकाली दल-भाजपा गठबंधन का नेता चुना गया और वे मुख्यमंत्री बने।
गठबंधन
2002 में मिली हार, लेकिन फिर 10 साल सत्ता में रही
इसके बाद वर्ष 2002 के चुनाव में अकाली दल ने 41 और भाजपा ने 3 सीट जीती, लेकिन बहुमत से चूक गए। कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सरकार बनाई।
इसके बाद 2007 के चुनाव में अकाली दल ने 48 और भाजपा ने 19 जीत जीतकर वापसी की। बादल मुख्यमंत्री बने और सुखबीर सिंह बादल को उपमुख्यमंत्री बनाया गया।
वर्ष 2012 में अकाली दल ने 56 और भाजपा ने 12 सीट जीतकर सत्ता पर अपना कब्जा बनाए रखा।
हार
2017 में हार के बात बुरा दौर शुरू
वर्ष 2017 में अकाली दल 15 और भाजपा 3 सीटों पर सिमट गई। तब कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर सरकार बनाई। यहीं से गठबंधन का बुरा दौर शुरू हुआ।
वर्ष 1996 के बाद भाजपा और अकाली ने मिलकर 6 लोकसभा चुनाव भी लड़े, जिसमें पंजाब की कुल 13 सीटों में 2 बार 1998 और 2004 में गठबंधन ने 11 सीटें जीती।
वर्ष 1999 में गठबंधन ने 3, 2009 में 5, 2014 में 6 और 2019 में 4 सीट जीती थी।
गठबंधन
2020 में कृषि कानूनों की वजह से टूटा था गठबंधन
सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के 3 कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों में मतभेद हो गए। SAD ने पहले कानूनों का समर्थन किया, लेकिन पंजाब में किसानों का विरोध देख पीछे हट गई।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने मोदी सरकार से इस्तीफा दे दिया और SAD ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) छोड़ दी।
हालांकि, केंद्र ने नवंबर 2021 में कानून वापस ले लिए, लेकिन अकाली दल ने गठबंधन नहीं किया और 2 चुनाव अलग लड़े।
जानकारी
अकेले चुनाव का क्या रहा परिणाम?
2020 में गठबंधन टूटने के बाद 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों अलग-अलग लड़े। 2022 में SAD को सिर्फ 3 और भाजपा को 2 सीटें मिलीं। लोकसभा चुनाव में SAD ने एक सीट जीती और भाजपा का खाता नहीं खुला।
संभावना
क्या इस बार चलेगा जादू?
पंजाब चुनाव सभी पार्टियों के लिए काफी कठिन है।
सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) दोबारा सत्ता चाहती है, जबकि कांग्रेस अंदरूनी कलह के बावजूद उसको कड़ी चुनौती देती दिख रही है।
दोनों पार्टियों के पास 26-26 प्रतिशत वोट शेयर है, जबकि SAD के पास 13 और भाजपा के पास 18 प्रतिशत वोट शेयर है।
ऐसे में इनका गठबंधन 30 प्रतिशत से ज्यादा वोट शेयर जुटाता है। हालांकि, इतने वोट शेयर के बावजूद लोकसभा में दोनों बुरी तरह निराश हुए थे।