पश्चिम बंगाल: TMC कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल का काफिला रोका
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस का काफिला सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने बीच सड़क पर रोक दिया।
उन्होंने काफिले को पोस्टर दिखाए और नारेबाजी की। घटना के समय राज्यपाल संदेशखाली जा रहे थे। मिनाखान में राज्यपाल की यात्रा का विरोध किया गया।
TMC कार्यकर्ता केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को धन जारी न करने को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और इसी कारण से उन्होंने राज्यपाल का काफिला रोका है।
घटना
संदेशखाली क्यों जा रहे हैं राज्यपाल?
उत्तर 24 परगना जिले स्थित संदेशखाली में पिछले दिनों प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने TMC नेता और जिला परिषद सदस्य शाहजहां शेख के आवास पर छापा मारा था। इस दौरान ED पर हमला हुआ था।
इसके कुछ दिन बाद भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने शेख और उनके सहयोगियों पर महिलाओं की जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद तनाव बढ़ गया।
महिलाओं ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। इलाके में धारा 144 लागू है।
यात्रा
राज्यपाल केरल यात्रा बीच में छोड़कर जा रहे संदेशखाली
राज्यपाल बोस केरल की यात्रा को बीच में छोड़कर संदेशखाली के लिए रवाना हुए हैं। सोमवार सुबह वह कोलकाता हवाई अड्डा पहुंचे थे।
संदेशखाली रवाना होने से उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वह केरल में बंगाल महोत्सव में थे, लेकिन संदेशखाली की भयानक घटना सुनकर वह वापस आ गए हैं। उन्होंने कहा कि वह संदेशखाली जाकर असली संदेश देंगे।
बता दें कि पुलिस ने मीडिया को भी संदेशखाली जाने से रोक दिया है।