पश्चिम बंगाल में सेवानिवृत्त अधिकारियों को काम करने से रोका गया, ममता ने की थी नियुक्ति
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से नियुक्त किए गए सेवानिवृत्त अधिकारियों का काम करने से रोक दिया गया है। पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला ने लोक भवन से सभी विभागीय सचिवों को यह निर्देश दिया है और कार्यालय न आने को कहा है। बताया जा रहा है कि प्रत्येक विभाग के सचिवों को उनके संबंधित कार्यालयों में मौखिक रूप से इस आदेश की जानकारी दे दी गई है।
नियुक्ति
कई अधिकारियों ने पहले ही इस्तीफा दिया
विभिन्न विभागों में कार्यरत कई सेवानिवृत्त अधिकारियों ने पहले ही अपने इस्तीफे सौंप दिए हैं और अपने सरकारी आवास भी खाली कर दिए हैं। द हिंदू के मुताबिक, ममता के मुख्य सलाहकार के रूप में कार्यरत 2 पूर्व मुख्य सचिवों अलापन बंद्योपाध्याय और एचके द्विवेदी ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया है। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को सतर्क रहने और सभी महत्वपूर्ण फाइलों की उचित सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिसर से बाहर न जाने को कहा है।
चुनाव
ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से मना किया
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बंगाल की 294 सीटों में से 207 सीटें जीत ली है, जबकि 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को सिर्फ 80 सीटें मिली हैं। ममता बनर्जी खुद अपने गढ़ भाबानीपुर में भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से 15,105 वोटों से हार गईं। इस बीच, तृणमूल प्रमुख ममता ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया। उनका दावा है कि उनकी पार्टी हारी नहीं है और चुनाव निष्पक्ष नहीं हुए हैं।