LOADING...
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान जारी; जानें बड़े चेहरे, आंकड़े और सुरक्षा समेत तमाम बातें 
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान जारी; जानें बड़े चेहरे, आंकड़े और सुरक्षा समेत तमाम बातें 

लेखन आबिद खान
Apr 23, 2026
07:00 am

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल की 152 सीटों और तमिलनाडु की सभी सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल में मुख्य मुकाबला जहां भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच है, तो वहीं तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के सामने ऑल इंडिया द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) की चुनौती है। अभिनेता थलापति विजय ने यहां मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है। आइए चुनावों से बड़े अहम घटनाक्रम जानते हैं।

आंकड़े

मतदान से जुड़े अहम आंकड़े जानिए

पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 1,478 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, कुल 3 करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 पात्र मतदाता हैं। इनमें एक करोड़ 84 लाख 99 हजार 496 पुरुष, एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिला व 465 ट्रांसजेंडर हैं। वहीं, तमिलनाडु में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इनमें 2.77 करोड़ पुरुष, 2.89 करोड़ महिला और 7,617 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।

बंगाल के बड़े चेहरे

पश्चिम बंगाल में ये बड़े चेहरे मैदान में

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी बहरामपुर से मैदान में हैं। ये सीट पिछली बार भाजपा ने जीती थी। भाजपा की ओर से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम से किस्मत आजमा रहे हैं। उनके खिलाफ TMC ने पवित्र कर को उम्मीदवार बनाया है। खड़गपुर सदर में भाजपा के दिलीप घोष का मुकाबला TMC के प्रदीप सरकार से है। बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान करने वाले हुमायूं कबीर रेजिनगर से मैदान में हैं।

Advertisement

तमिलनाडु के बड़े चेहरे

तमिलनाडु के बड़े चेहरों के बारे में जानिए

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन चेन्नई की कोलाथुर सीट से मैदान में हैं। उनके सामने AIADMK ने पी शांतनकृष्णन को उतारा है। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन भाजपा के टिकट पर अवानाशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन सत्तूर से मैदान में हैं। AIADMK महासचिव के पलानीस्वामी (EPS) एडप्पादी से उतरे हैं। यहां DMK ने कासी को उतारा है। चिपॉक थिरूवल्लीकेनी से किस्मत आजमा रहे उदयनिधि स्टालिन के सामने AIADMK के आधी राजाराम की चुनौती है।

Advertisement

मतदान

बंगाल में कहां-कहां हो रहा है मतदान?

पश्चिम बंगाल में 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें मुर्शिदाबाद की 22, कूचबिहार की 9, जलपाईगुड़ी की 7, अलीपुरद्वार की 5, कलिंपोंग की एक, दार्जिलिंग की 5, उत्तर दिनाजपुर की 9, दक्षिण दिनाजपुर की 6, मालदा की 12, बीरभूम की 11, पश्चिम ब‌र्द्धमान की 9, पूर्व मेदिनीपुर की 16, पश्चिम मेदिनीपुर की 15, झाड़ग्राम की 4, पुरुलिया की 9 व बांकुड़ा की 12 सीटें शामिल हैं।

बंगाल में उम्मीदवार

बंगाल में 630 उम्मीदवार करोड़पति, 23 प्रतिशत पर आपराधिक मामले

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ रहे 2,920 उम्मीदवारों में से 630 करोड़पति हैं। सबसे ज्यादा 72 प्रतिशत करोड़पति उम्मीदवार TMC से, जबकि भाजपा के लिए ये आंकड़ा 49 प्रतिशत है। 48 प्रतिशत उम्मीदवार 5वीं से 12वीं तक पढ़े हैं, जबकि 47 प्रतिशत ने ग्रेजुएशन या उससे ज्यादा पढ़ाई की है। 683 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले हैं। इनमें से 589 गंभीर मामलों का सामना कर रहे हैं।

सुरक्षा

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

तमिलनाडु में पुलिस, अर्धसैनिक बल, अग्निशमन विभाग और होमगार्ड सहित 1.47 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। केंद्रीय सुरक्षा बलों की लगभग 295 कंपनियों से 23,000 जवान तमिलनाडु पहुंचे हैं। विशेष कमांडो/अतिरिक्त बल के 12,150 जवान भी सुरक्षा ड्यूटी में लगे हैं। 38 जिलों और 7 महानगरीय पुलिस क्षेत्रों में 1.17 लाख पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात रहेंगे। पश्चिम बंगाल में भी 2 लाख से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर निगरानी की जा रही है।

Advertisement