पश्चिम बंगाल: फाल्टा विधानसभा सीट पर TMC उम्मीदवार जहांगीर ने वापस लिया नाम, 21 को मतदान
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित फाल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को होने वाले दोबारा मतदान से पहले बड़ा मोड़ आया है। यहां से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान ने मंगलवार को अपना नाम वापस ले लिया। सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान है और 24 मई को परिणाम घोषित किया जाएगा। TMC के प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी है, लेकिन इसके पीछे का कारण ज्ञात नहीं है।
चुनाव
जहांगीर ने ली थी कोर्ट से सुरक्षा
जहांगीर ने सोमवार को कलकत्ता हाई कोर्ट से अपनी सुरक्षा मांगी थी। उसने अपने खिलाफ FIR को सार्वजनिक करने और दमनकारी कार्रवाई से सुरक्षा की मांग की थी। कोर्ट ने आदेश दिया कि जहांगीर के खिलाफ दर्ज लंबित FIR में 26 मई तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। जहांगीर के ऊपर मतदाताओं को डराने और धमकाने सेत कई गंभीर आरोप लगे हैं।
धांधली
धांधली के आरोपों के बाद रद्द हुआ था चुनाव
बंगाल की 293 सीटों के नतीजे 4 मई को घोषित किए गए, लेकिन चुनाव आयोग ने गंभीर चुनावी अपराधों और धांधली का हवाला देते हुए फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में चुनाव रद्द कर दिया था। आरोप था कि फाल्टा के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को डराया और धमकाया गया। इस दौरान, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में छेड़छाड़ कर विपक्षी उम्मीदवारों के नाम छिपा दिए गए। इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे।
प्रचार
सीट पर TMC नहीं कर रही प्रचार
फाल्टा सीट डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां से ममता बनर्जी के भतीजे और TMC के महासचिव अभिषेक बनर्जी सांसद हैं। यह इलाका TMC का एक प्रमुख गढ़ माना जाता है, लेकिन 4 मई से चुनाव प्रचार शुरू होने के बाद से ममता, अभिषेक समेत TMC के किसी नेता ने यहां प्रचार नहीं किया है। दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को पुनर्निर्वाचन के लिए प्रचार के अंतिम दिन क्षेत्र में बड़ा रोड शो किया है।