वीडी सतीशन होंगे केरलम के नए मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने किया ऐलान
क्या है खबर?
विधानसभा चुनावी नतीजे आने के 10 दिन बाद आखिरकार कांग्रेस ने केरलम के मुख्यमंत्री नाम का ऐलान कर दिया है। वीडी सतीशन केरलम के अगले मुख्यमंत्री होंगे। पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक ने इसका ऐलान किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर काफी खींचतान चली थी। सतीशन के अलावा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला प्रमुख दावेदारों के तौर पर सामने आए थे।
परिचय
कौन हैं वीडी सतीशन?
सतीशन ने हालिया चुनावों में पारावूर सीट से लगातार छठी जीत दर्ज की है। वे 2021 से विपक्ष के नेता हैं और पिछले कुछ सालों से पिनरई विजयन सरकार के खिलाफ विरोध की मजबूत आवाज रहे हैं। वकील से नेता बने सतीशन 2001 से लगातार पारावूर सीट से विधायक हैं। केरल स्टूडेंट्स यूनियन (KSU) के पूर्व नेता और वकील सतीशन ने 1996 में CPI के पी राजू से हार के साथ परावूर में अपना चुनावी सफर शुरू किया था।
बैठक
लगातार जारी रहे बैठकों के दौर
12 मई को राहुल गांधी ने दिल्ली में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के पूर्व अध्यक्षों से मुलाकात कर मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर उनके विचार जाने थे। इसी दिन केरलम के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मुरलीधरन ने भी राहुल से मुलाकात की थी और संभावित चेहरों पर मंथन किया था। 13 मई को राहुल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले थे। आज तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक भी होना है।
भाजपा
भाजपा ने ऐलान में देरी पर साधा निशाना
भाजपा ने कहा, 'केरलम के मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के अंदर जबरदस्त अंदरूनी कलह मची है। जो लोग आम सहमति वाला उम्मीदवार नहीं चुन पा रहे, वे शासन-प्रशासन की बातें करते हैं। कांग्रेस तो बस लूट-खसोट की उस्ताद है! वेणुगोपाल पद पर अड़े हुए हैं। राहुल गांधी अभी भी वेणुगोपाल से मुलाकात कर रहे हैं। कांग्रेस का भीतरी आपसी विरोध खुलकर सामने आ गया है। चाहे केरल, कर्नाटक हो या हिमाचल—राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस पूरी तरह भ्रमित है!'
नतीजे
चुनावों में UDF को स्पष्ट बहुमत
केरलम विधानसभा चुनावों के नतीजों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) को स्पष्ट बहुमत मिला है। UDF ने 102 सीटें जीती हैं, जो पिछली बार से 61 ज्यादा है। वहीं, सत्तारूढ़ LDF को 35 सीटें मिली हैं और उसे पिछले चुनावों के मुकाबले 64 सीटों का नुकसान हुआ है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 3 सीटें जीती हैं। केरलम में 140 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 71 है।