उत्तराखंड के जिस रामलीला मैदान में खड़गे ने की जनसभा, उसका हिंदू संगठन ने कराया शुद्धिकरण
क्या है खबर?
उत्तराखंड के हल्द्वानी में बीते दिनों कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिस रामलीला मैदान में चुनावी जनसभा की थी, उसे हिंदू संगठनों द्वारा शुद्ध कराए जाने का मामला सामने आया है। खड़गे ने 8 अगस्त को 'विजय शंखनाथ रैली' के दौरान यहां लोगों को संबोधित किया था। बुधवार को सामने आए एक वीडियो में कुछ हिंदू संगठन यहां शुद्धिकरण हवन करते देखे गए हैं। कांग्रेस ने इसे दलितों का अपमान बताया है, जबकि भाजपा इसे अपना कार्यक्रम नहीं बता रही।
अपमान
श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास संगठन ने किया हवन
हवन मंगलवार को श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास संगठन की ओर से किया गया था।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस मंच पर ऐसे व्यक्ति को स्थान दिया गया, जो हिंदुवादी संगठनों की तुलना सांप से करता है और मुस्लिम संगठनों से उनको खत्म करने की अपील करता है, ऐसे व्यक्ति को राम का जीवन दर्शाने वाले पवित्र मंच पर स्थान देने से उसकी पवित्रता खंडित होती है।
कुछ हिंदू संगठनों ने 9 अगस्त को भी हवन कराया था।
ट्विटर पोस्ट
खड़गे की जनसभा वाले स्थान पर हवन
जहाँ से मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाषण दिया उस जगह को किया गया शुद्ध।
— Robin Singh Chauhan (@robinsinghchauh) August 12, 2026
8 अगस्त को उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली रामलीला मैदान में हुई।
हिंदू वादी संगठन ने रैली के बाद इस स्थान को शुद्ध करने के लिए मंत्रोचारण और पूजा की।
कहा इस… pic.twitter.com/s6aXBVATc7
निशाना
कांग्रेस ने साधा निशाना
मामले पर उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष यूके गणेश गोदियाल ने कहा कि मंच का शुद्धिकरण बेहद आहत करने वाला और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि यह घटना जातिगत भेदभाव और संकीर्ण मानसिकता को दर्शाती है। भेदभाव और छुआछूत के लिए आधुनिक लोकतांत्रिक भारत में कोई स्थान नहीं।
गोदियाल ने नैनीताल के पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
कांग्रेस ने इसे भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता बताई है।
बयान
क्या खड़गे ने हिंदू संगठनों को कहा था जहरीला सांप?
खड़गे ने 6 अप्रैल, 2026 को असम के श्रीभूमि जिले के नीलामबाजार में चुनावी सभा के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा को जहरीला सांप बताया था।
उन्होंने कुरान और नमाज का संदर्भ देते हुए कहा था कि अगर नमाज के दौरान जहरीला सांप सामने आ जाए तो पहले उसे मारना चाहिए, RSS और भाजपा उसी जहरीले सांप की तरह हैं, अगर इन्हें नहीं मारेंगे तो आप बच नहीं पाएंगे।
इस बयान पर काफी विवाद हुआ था।
जानकारी
खड़गे कांग्रेस के दूसरे दलित अध्यक्ष
कांग्रेस के इतिहास में बाबू जगजीवन राम के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे दूसरे दलित अध्यक्ष हैं। जगजीवन राम 1970-71 में कांग्रेस अध्यक्ष रहे थे। खड़गे कर्नाटक में 9 बार विधायक और 2009 और 2014 में गुलबर्गा लोकसभा से सांसद रहे। खड़गे 2022 में अध्यक्ष बने हैं।