उत्तर प्रदेश चुनाव: MLC पर दांव लगा सकती है भाजपा, कई विधायकों का टिकट कटना तय- रिपोर्ट
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने भी टिकट बंटवारे को लेकर रणनीति तैयार कर ली है। खबर है कि भाजपा अपने ज्यादातर मौजूदा विधान परिषद सदस्यों (MLC) को चुनाव में उतार सकती है। वहीं, कई मौजूदा विधायकों का टिकट कट सकता है, क्योंकि पार्टी ने टिकट बंटवारे के लिए सबसे बड़ा पैमाना जीत को रखा है।
रिपोर्ट
ज्यादातर MLC को मिल सकता है टिकट- रिपोर्ट
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा उम्मीदवारों की सूची में महत्वपूर्ण फेरबदल करने पर विचार कर रही है और अपने ज्यादातर मौजूदा MLC को चुनाव में उतार सकती है।
रिपोर्ट में भाजपा के शीर्ष सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अपने MLC को विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू करने और उन निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान करने को कहा है, जहां उनकी जीत की सबसे ज्यादा संभावना है।
बयान
पार्टी नेता बोले- MLC को तैयार रहने को कहा गया
भाजपा के एक शीर्ष सूत्र ने न्यूज18 से कहा, "पार्टी नेतृत्व ने MLC को विधानसभा चुनावों के लिए तैयार रहने और उन निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान करने को कहा है, जहां उनके जीतने की प्रबल संभावना है। पार्टी कई विकल्पों पर विचार कर रही है और ज्यादातर MLC को चुनाव में उतारा जा सकता है।"
हालांकि, प्रस्तावित बदलाव पर अभी विचार-विमर्श किया जा रहा है और भाजपा ने आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार चयन का फार्मूला घोषित नहीं किया है।
वजह
क्या है भाजपा की रणनीति?
रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी टिकट बंटवारे को लेकर स्थानीय समीकरणों और संगठनात्मक प्रतिक्रिया का आकलन कर रही है।
MLC को ज्यादा टिकट देने के पीछे एक रणनीति ये सामने आ रही है कि इससे भाजपा अनुभवी संगठन नेताओं और वरिष्ठ मंत्रियों को सीधे चुनावी मैदान में उतार सकती है।
साथ ही उन सीटों पर भी नए चेहरों के लिए मौका बन सकता है, जहां मौजूदा विधायकों को सत्ता-विरोधी लहर या अन्य चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
दावेदार
कौन हैं बड़े दावेदार?
भाजपा के कई बड़े नेता ऐसे हैं, जो फिलहाल MLC हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वरिष्ठ मंत्री एके शर्मा, स्वतंत्र देव सिंह और दारा सिंह चौहान जैसे नाम शामिल हैं।
इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी समेत कई अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी दावेदार माना जा रहा है।
हालांकि, अंतिम फैसला पार्टी द्वारा निर्वाचन क्षेत्रों और उम्मीदवारों के अंतिम आकलन पर निर्भर करेगा।