उत्तर प्रदेश: महिलाओं के लिए 50,000 रुपये वित्तीय सहायता का ऐलान कर सकती है भाजपा
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की भाजपा सरकार महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान कर सकती है। खबर है कि सरकार पात्र महिलाओं के लिए 50,000 रुपये की वित्तीय सहायता शुरू करने पर विचार कर रही है। इसे समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा शुरू की गई 'स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना' का जवाब माना जा रहा है। इसके तहत अखिलेश ने 40,000 रुपये देने का वादा किया है।
रिपोर्ट
मुख्यमंत्री ने भी दिए संकेत
न्यूज18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि राज्य सरकार एक प्रस्ताव पर विचार कर रही है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को 50,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता मिल सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी प्रस्ताव की जानकारी दी गई है।
3 नवंबर को आदित्यनाथ ने कहा था, "मैं यहां उपस्थित महिलाओं को आश्वस्त करता हूं कि हमारी डबल इंजन सरकार उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए एक आकर्षक पैकेज लेकर आने वाली है।"
विकल्प
राशि हस्तांतरण के विकल्पों पर हो रहा विचार- रिपोर्ट
रिपोर्ट में भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के हवाले से कहा गया है कि योजना को लागू करने के लिए 2 विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
पहला विकल्प है सहायता राशि को एकमुश्त प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के जरिए सीधे खाते में भेजा जाए।
दूसरा विकल्प है राशि को मौजूदा सरकारी कल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से पहुंचाया जाए, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना या मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसी महिला-केंद्रित योजनाएं शामिल हैं।