TMC के एक और सांसद प्रकाश बराइक ने राज्यसभा से इस्तीफा दिया, लगातार दूसरे दिन झटका
क्या है खबर?
तृणमूल कांग्रेस (TMC) की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार को एक और सांसद प्रकाश बराइक ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। आने वाले हफ्ते में 3 और राज्यसभा सांसद इस्तीफा दे सकते हैं। बराइक पश्चिम बंगाल में अलीपुरद्वार के रहने वाले और TMC के प्रमुख आदिवासी चेहरे के रूप में जाने जाते हैं। वे सांसद बनने से पहले चाय बागान कर्मचारी थे।
इस्तीफा
राज्यसभा में TMC के सांसदों की संख्या 10 हुई
बराइक को पार्टी के महासचिव और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है। पार्टी ने बराइक को अगस्त 2023 में निर्विरोध राज्यसभा भेजा था। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अलीपुरद्वार लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। बराइक के इस्तीफा देने से एक दिन पहले सुष्मिता देव ने राज्यसभा से इस्तीफा दिया था। उससे पहले 8 जून कोसुखेंदु शेखर रे ने इस्तीफा दिया था। राज्यसभा में TMC के 13 में अब 10 सांसद बचे हैं।
झटका
संकट से कैसे उबरेगी TMC?
बंगाल चुनाव हारने के बाद ममता की पकड़ पार्टी से छूट रही है। बड़े चेहरे पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं और बगावत शुरू हो गई है। बंगाल में 80 में से 58 विधायकों ने बगावत करके ऋतब्रता चौधरी को अपना नेता प्रतिपक्ष चुन लिया है। लोकसभा के 19 सांसदों ने भी पार्टी से अलग होने के लिए लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा है। इस बीच, ममता और अभिषेक ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मदद मांगी है।