तमिलनाडु: मुख्यमंत्री ने महिलाओं के खाते में डाले 5,000 रुपये, विजय ने साधा निशाना
क्या है खबर?
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने आज राज्य की 1.31 करोड़ महिलाओं के खाते में 5,000-5,000 रुपये की राशि डाली है। इस पर अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख थलापति विजय ने निशाना साधा है। उन्होंने एक रैली में लोगों से कहा कि अगर कोई पैसे देने आए तो ले लें, लेकिन वोट अपनी मर्जी की पार्टी को ही करें।
बयान
विजय बोले- पैसे देने वालों को 'सीटी बजाकर' विदा कीजिए
विजय ने सलेम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "मेरा वोट मेरा अधिकार है। कोई हमें खरीद नहीं सकता। हमारा वोट 'सीटी' के लिए है। अगर कोई हजारों रुपये देने आए तो वह पैसा ले लें, क्योंकि वह आपका ही पैसा है। लेकिन पैसा लेने के बाद वोट अपनी मर्जी से दीजिए और ऐसे लोगों को 'सीटी बजाकर' विदा कर दीजिए।" बता दें कि सीटी विजय की पार्टी TVK का चुनाव चिन्ह है।
निशाना
विजय ने स्टालिन पर साधा निशाना
विजय ने कहा, "महिलाओं को मिलने वाली राशि हर महीने 15 तारीख को आती है, इस बार 13 तारीख को ही क्यों आ गई। अचानक 2,000 रुपये का 'समर स्पेशल पैकेज' क्यों घोषित किया गया? क्या गर्मी सिर्फ इसी साल आई है? हमारी पार्टी को महिलाओं का बड़ा समर्थन मिल रहा है। 'सीटी' के समर्थन में महिलाओं की बढ़ती आवाज से DMK डर गई है। इसी वजह से सरकार ने जल्दी पैसा जारी किया।"
राशि
स्टालिन ने महिलाओं को दिए हैं 5,000 रुपये
तमिलनाडु चुनाव से पहले मुख्यमंत्री स्टालिन ने 'कलैग्नर महिला अधिकार योजना' के तहत महिलाओं के खाते में 5,000 रुपये डाले हैं। फरवरी, मार्च और अप्रैल के 1,000-1,000 रुपये एडवांस में डाले गए हैं, जबकि 2,000 रुपये का अतिरिक्त 'समर स्पेशल पैकेज' भी दिया गया है। स्टालिन ने ये भी वादा किया कि अगर उनकी सरकार फिर से बनती है, तो वे मासिक सहायता राशि को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये कर देंगे।
संबोधन
विजय ने कांग्रेस से गठबंधन को लेकर भी स्टालिन को घेरा
विजय ने कहा, "स्टालिन परेशान लग रहे हैं। उनका कहना है कि तमिलनाडु में गठबंधन की राजनीति काम नहीं करती। उनके लिए गठबंधन सिर्फ चुनाव जीतने के लिए होते हैं। बाकी सब कुछ के लिए। वह सब कुछ अपने लिए चाहते हैं। जो लोग मेरे अनुभव पर सवाल उठा रहे हैं, उनके पास घोटाले करने के अलावा कौन-सा अनुभव है? हां, हमारे पास अनुभव नहीं है... हमें लूट का अनुभव नहीं है।"
चुनाव
तमिलनाडु में इस साल विधानसभा चुनाव
तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा में इस साल चुनाव होना है। फिलहाल DMK-कांग्रेस और भाजपा-AIADMK में गठबंधन को लेकर चर्चा चल रही है। वहीं, विजय ने पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। 2021 के विधानसभा चुनाव में यहां DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 158 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। वहीं, AIADMK के नेतृत्व वाले गठबंधन को 66 सीटें मिली थीं और वो विपक्ष में रहा।