तमिलनाडु: AIADMK के 30 विधायकों के गुट ने मुख्यमंत्री विजय को समर्थन दिया, पलानीस्वामी का विरोध
क्या है खबर?
तमिलनाडु में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) का राजनीतिक संकट बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता सीवी शनमुगम ने 30 विधायकों के साथ सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री थलापति विजय को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि उनका इरादा पार्टी को विभाजित करना नहीं है। विधायक तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) का समर्थन करेंगे। उन्होंने पार्टी के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी पर कट्टर विरोधी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) से गठबंधन की कोशिश करने का आरोप लगाया।
समर्थन
क्या बोले शनमुगम?
तमिलनाडु चुनाव में AIDAMK ने 234 में कुल 47 सीटें जीतीं, जिसमें शनमुगम के नेतृत्व वाले समूह ने 30 विधायकों के साथ अपना गुट बना लिया है। शनमुगम ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, "जनता का जनादेश स्पष्ट रूप से विजय को मुख्यमंत्री बनाने का है। इसलिए, हम जनता के जनादेश का सम्मान करते हैं और मुख्यमंत्री विजय को हार्दिक बधाई देते हैं। हम, AIADMK और विधायक दल के रूप में, TVK सरकार को अपना पूर्ण समर्थन देते हैं।"
समर्थन
हमसे DMK-AIADMK गठबंधन को स्वीकार करने को कहा गया- शनमुगम
बागी AIADMK विधायकों के साथ परामर्श बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए शनमुगम ने कहा कि गुट को बताया गया था कि खंडित जनादेश के बाद पलानीस्वामी DMK की मदद से मुख्यमंत्री बन सकते हैं। उन्होंने बैठक में हुई चर्चा की जानकारी देते हुए बताया, "हमसे DMK-AIADMK गठबंधन के फैसले को स्वीकार करने को कहा गया था, जिसका हमने विरोध किया। हमें लगा कि यह गलत है और हमने यह बात उन्हें बताई। उन्होंने हमारी बात नहीं मानी।"
गठबंधन
DMK के साथ गठबंधन MGR और जयललिता के साथ विश्वासघात- शनमुगम
शनमुगम ने कहा कि पलानीस्वामी का प्रस्ताव AIADMK की वैचारिक जड़ों के साथ विश्वासघात है क्योंकि पार्टी को एमजी रामचंद्रन ने DMK के राजनीतिक विकल्प के रूप में शुरू किया और जयललिता ने इसे मजबूत किया था। उन्होंने कहा, "आंदोलन DMK के विरोध में शुरू हुआ था। हमारे सामने DMK को समर्थन देने का विचार था। उस प्रस्ताव से हमें गहरा सदमा लगा। हमने स्वीकार नहीं किया।" उन्होंने कहा कि उनका TVK के अलावा किसी से (भाजपा) गठबंधन में नहीं।
राजनीति
विजय के फ्लोर टेस्स से पहले बड़ा बदलाव
शनमुगम के नेतृत्व वाले 30 विधायकों के गुट ने TVK को समर्थन देने का फैसला ऐसे समय पर किया, जब बुधवार को मुख्यमंत्री विजय का तमिलनाडु विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होना है। विजय का साबित करना है कि उनके पास सरकार चलाने के लिए पर्याप्त बहुमत है। हालांकि, चुनाव में 108 सीटें जीतने वाली TVK के पास 118 सीटों का बहुमत साबित करने के लिए कांग्रेस के 5, वामदलों के 4, VCK और IUML के 2-2 विधायकों का समर्थन है।