Page Loader
तेलंगाना: पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले निलंबित भाजपा विधायक को मिली जमानत
पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाला टी राजा सिंह को तकनीकी आधार पर जमानत मिली

तेलंगाना: पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले निलंबित भाजपा विधायक को मिली जमानत

Aug 24, 2022
08:51 am

क्या है खबर?

पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए गिरफ्तार किए गए तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह को चंद घंटों के अंदर कोर्ट से जमानत मिल गई। कोर्ट ने कस्टडी की पुलिस की अपील को तकनीकी आधार पर खारिज करते हुए राजा को जमानत दी। उसने कहा कि गिरफ्तारी करते समय पुलिस ने आपराधिक प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 41 का पालन नहीं किया। इस धारा के तहत गिरफ्तारी से पहले राजा को नोटिस दिया जाना था।

मांग

मुस्लिम संगठनों की राजा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

कई मु्स्लिम संगठनों ने राजा की रिहाई पर चिंता व्यक्त की है और सरकार से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने राजा की टिप्पणी को बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली बताया और कहा कि सरकार को ऐसे लोगों को खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने भी कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे बयानों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की बदनामी होती है।

पृष्ठभूमि

कैसे हुई विवाद की शुरूआत?

स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने पिछले हफ्ते हैदराबाद में एक शो किया था। राजा और उसके समर्थकों ने पहले इस शो को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन जब वो इसमें नाकाम रहे तो राजा ने सोमवार रात को फारूकी के खिलाफ एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उन्होंने फारूकी पर हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप लगाया और उनकी मां के बारे में अपमानजनक बातें कहीं। इसके बाद उन्होंने पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।

गिरफ्तारी

बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन के बाद किया गया था राजा को गिरफ्तार

वीडियो सामने आने के बाद हैदराबाद में रात को ही राजा के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया। लोगों ने शहर के पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद के कार्यालय समेत कई जगहों पर प्रदर्शन किया और राजा को गिरफ्तार करने की मांग की। कई जगह पर उनके खिलाफ केस दर्ज भी कराया गया। विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मंगलवार सुबह धार्मिक आधार पर दुश्मनी पैदा करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने जैसी धाराओं के तहत राजा सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

बयान

वीडियो का पार्ट-2 जारी करने की बात कह चुके हैं राजा सिंह

गिरफ्तार किए जाने के दौरान टी राजा सिंह ने रिपोर्टर्स से कहा था कि यूट्यूब ने अपने प्लेटफॉर्म से उनका वीडियो हटा दिया है और वह रिहा होने के बाद वीडियो का पार्ट-2 जारी करेंगे। उन्होंने कहा, "उन्होंने यूट्यूब से मेरा वीडियो हटा दिया। मुझे नहीं पता पुलिस क्या करने वाली है। रिहा होने के बाद मैं (वीडियो का) दूसरा हिस्सा जरूर अपलोड करूंगा। मैं ये धर्म के लिए कर रहा हूं। मैं धर्म के लिए मरने को तैयार हूं।"

अन्य विवाद

पहले भी हो चुका है पैगंबर मोहम्मद पर बयान को लेकर विवाद

इससे पहले 27 मई को एक टीवी न्यूज चैनल पर डिबेट के दौरान भाजपा नेता नुपुर शर्मा ने पैंगबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी। जल्दी ही ये ये टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई जिसके बाद भारत को दुनियाभर, खासकर अरब देशों, में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था। नुपुर की टिप्पणी के बाद देश के कई राज्यों में हिंसा भी हुई थी। विवाद के बाद भाजपा ने नुपुर को पार्टी से निलंबित कर दिया था।