Page Loader
तेलंगाना: भाजपा विधायक की पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी, बड़े पैमाने पर प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार
भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की

तेलंगाना: भाजपा विधायक की पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी, बड़े पैमाने पर प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार

Aug 23, 2022
11:06 am

क्या है खबर?

पूर्व भाजपा नेता नुपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का विवाद अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि भाजपा के एक और नेता ने पैगंबर पर विवादित टिप्पणी कर डाली है। तेलंगाना के भाजपा विधायक टी राजा सिंह पर कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी के खिलाफ जारी किए गए वीडियो में पैगंबर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। हैदराबाद में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

विवादित बयान

क्या है पूरा मामला?

स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने पिछले हफ्ते हैदराबाद में एक शो किया था। राजा और उसके समर्थकों ने पहले इस शो को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन जब वो इसमें नाकाम रहे तो राजा ने शो होने के बाद कल फारूकी के खिलाफ एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उन्होंने फारूकी पर हिंदी देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप लगाया और उनकी मां के बारे में अपमानजनक बातें कहीं। इसके बाद उन्होंने पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।

प्रदर्शन

हैदराबाद में रात को ही शुरू हुए प्रदर्शन, पुलिस कमिश्नर के कार्यालय को भी घेरा

राजा का वीडियो सामने आने के बाद हैदराबाद में रात से ही उनके खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गए। लोगों ने शहर के पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद के कार्यालय समेत कई जगहों पर प्रदर्शन किया और राजा के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। दबीरपुरा, भवानी नगर, रेनबाजार और मिरचौक पुलिस थानों के बाहर भी प्रदर्शन किया गया और कई थानों में राजा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

कार्रवाई

राजा के खिलाफ धार्मिक आस्था का अपमान करने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई

हैदराबाद साउथ जोन के डिप्टी पुलिस कमिश्नर (DCP) पी साई चैतन्य ने बताया कि भाजपा विधायक राजा के खिलाफ धार्मिक आस्था का अपमान करने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है और इसी के तहत उनकी गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले पिछले हफ्ते भी उन्हें हिरासत में लिया गया था। तब उन्होंने अपने लगभग 50 समर्थकों के साथ फारुकी के शो वाली जगह पर पहुंचने की कोशिश की थी, ताकि शो को रोका जा सके।

अन्य विवादित बयान

पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं राजा सिंह

गोशमहल से विधायक टी राजा सिंह पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं। इस साल फरवरी में ही उन्होंने भाजपा को वोट न देने पर घर गिरवाने की धमकी दी थी। इससे पहले 2017 में उन्होंने हिंदुओं को उकसाते हुए वैसे ही प्रतिक्रिया देने को कहा था जैसे 2002 में गोधरा कांड के बाद गुजरात के हिंदुओं ने दी। इसके अलावा वे कश्मीर के मुस्लिमों को गद्दार भी बता चुके हैं।

पैगंबर विवाद

पहले क्यों हुआ था पैगंबर मोहम्मद से संबंधित विवाद?

27 मई को एक टीवी न्यूज चैनल पर डिबेट के दौरान भाजपा नेता नुपुर शर्मा ने पैंगबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी। जल्दी ही ये ये टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई जिसके बाद भारत को दुनियाभर, खासकर अरब देशों, में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था। नुपुर की टिप्पणी के बाद देश के कई राज्यों में हिंसा भी हुई थी। विवाद के बाद भाजपा ने नुपुर को पार्टी से निलंबित कर दिया था।