Loading...
सोनिया गांधी का 1999 के विफल सत्ता प्रयास पर बड़ा खुलासा, बेईमान नेता पर साधा निशाना
सोनिया गांधी ने 1999 के विफल सत्ता प्रयास पर बड़ा खुलासा किया है

सोनिया गांधी का 1999 के विफल सत्ता प्रयास पर बड़ा खुलासा, बेईमान नेता पर साधा निशाना

Nov 11, 2026
03:17 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के जरिए देश के राजनीतिक इतिहास के एक बहुत बड़े घटनाक्रम से पर्दा उठाया है। यह वाकया साल 1999 का है जब AIADMK प्रमुख जे जयललिता द्वारा समर्थन वापस लेने के बाद तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार गिर गई थी। उसके बाद सबसे बड़े विपक्षी दल के रूप में कांग्रेस ने वैकल्पिक सरकार बनाने का दावा पेश किया था, जो बाद में बुरी तरह विफल रहा।

बयान

राष्ट्रपति भवन में कांप रहा था दिल- सोनिया

सोनिया ने किताब में उस ऐतिहासिक सार्वजनिक उपस्थिति के पीछे के तनाव को याद करते हुए लिखा, 'जैसे ही मैं पत्रकारों के एक बड़े समूह की ओर बढ़ी, मेरा दिल बैठ रहा था। मैं पहली बार इस तरह मीडिया के महा-जमावड़े का सामना कर रही थी।'

उन्होंने लिखा, 'भले ही मेरे सहयोगी मेरे दोनों तरफ खड़े थे, लेकिन अंदर से पूरी तरह कांपते हुए भी चेहरे पर आत्मविश्वास दिखाना एक बेहद दर्दनाक और कठिन तनाव था।'

आंकड़ा

272 के जादुई आंकड़े पर पत्रकारों के तीखे सवाल

543 सदस्यीय लोकसभा में बहुमत के लिए 272 का आंकड़ा जरूरी था।

सोनिया ने लिखा कि उनके पास कांग्रेस और सहयोगियों को मिलाकर 233 सांसद थे, लेकिन कुछ अन्य नेताओं ने उन्हें समर्थन का पक्का भरोसा दिया था। इसी विश्वास में वे राष्ट्रपति से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करने चली गईं। बाहर आने पर पत्रकारों ने पूछा कि साफ-साफ बताइए कि आप इस 272 के आंकड़े तक कैसे पहुंचीं, जिसका आप दावा कर रही हैं?

ADVERTISEMENT

भरोसा

पीठ पीछे चल रही वार्ताओं से टूटा भरोसा

सोनिया ने लिखा, 'पत्रकारों ने पूछा कि क्या यह सच नहीं है कि आपकी पार्टी के अहंकार के कारण यह सारा तमाशा खड़ा हुआ है?'

सोनिया ने लिखा कि उन्होंने अपनी आवाज और नजरों को स्थिर रखते हुए जवाब दिया था कि वे सहयोगियों के संपर्क में हैं और आवश्यक संख्या बल हासिल कर लेंगी, लेकिन वादे के मुताबिक समर्थन कभी मिला ही नहीं। यह विफलता बातचीत में शामिल नेताओं की व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं का नतीजा थी।

ADVERTISEMENT

दावेदार

गठबंधन की क्षमता से ज्यादा पैदा हुए प्रधानमंत्री पद के दावेदार

सोनिया ने लिखा, 'वहां गठबंधन की क्षमता से ज्यादा प्रधानमंत्री पद के दावेदार पैदा हो गए थे। मुझे स्वीकार करना होगा कि मैं दक्षिणपंथी सरकार को बेदखल करने के चक्कर में बहुत जल्दबाजी कर बैठी थी। मुझे उस समय वरिष्ठ कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह की सलाह माननी चाहिए थी जिन्होंने मुझे इंतजार करने को कहा था। इसके बजाय मैंने एक अन्य नेता की बात सुनी, जिन्होंने बाद में खुद को पूरी तरह से बेईमान (नाम का खुलासा नहीं) साबित किया।'

सवाल

क्या वाजपेयी सरकार को गिराना एक गलती थी?

जब उनसे पूछा गया कि क्या वाजपेयी सरकार को गिराना एक गलती थी, तो सोनिया ने लिखा, 'हमने उन्हें नहीं गिराया, उनका अपना गठबंधन ही टूट गया था। फिर भी, यह मेरी तरफ से एक गलत अनुमान था कि मैंने कुछ लोगों के आश्वासनों पर भरोसा किया जो पूरे नहीं हुए।'

इस विफलता के बाद मई 1999 में शरद पवार सहित कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के 3 सदस्यों ने पत्र लिखकर सोनिया के विदेशी मूल के होने का मुद्दा उठाया था।

ADVERTISEMENT