सोनिया गांधी राजस्थान से निर्विरोध राज्यसभा चुनाव जीतीं
क्या है खबर?
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा चुनाव जीत गई हैं। वह निर्विरोध चुनाव जीतीं।
सोनिया गांधी के अलावा राजस्थान से भाजपा के 2 उम्मीदवार, चुन्नी लाल गरासिया और मदन राठौड़, भी जीत गए हैं।
विधानसभा के प्रमुख सचिव और राज्यसभा के निर्वाचन अधिकारी महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि राज्यसभा के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध जीते हैं।
मंगलवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था। यहां मतदान 27 फरवरी को होना था।
चुनाव
लोकसभा सीट छोड़कर राज्यसभा पहुंची हैं सोनिया
सोनिया रायबरेली की लोकसभा सीट छोड़कर राज्यसभा पहुंची हैं।
लोकसभा के 25 साल के अपने सफर का अंत करते हुए उन्होंने रायबरेली के लोगों को एक भावुक पत्र भी लिखा था।
उन्होंने लोगों को धन्यवाद कहते हुए लिखा था कि जिस तरह उन्होंने गांधी परिवार का साथ दिया है, वैसे भी आगे देते रहें।
बता दें कि राजस्थान से सोनिया गांधी की जीत तय मानी जा रही थी। उनके खिलाफ किसी ने आवेदन नहीं किया तो वो निर्विरोध जीत गईं।
परिणाम
15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों के लिए होना है मतदान
इसी महीने 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, लेकिन नामांकन वापसी के अंतिम दिन से ही नतीजे आना शुरू हो गए हैं।
राजस्थान के अलावा बिहार में भी सभी 6 उम्मीदवार निर्विरोध जीत गए हैं। इनमें भाजपा के भीम सिंह, धर्मशील गुप्ता, जनता दल यूनाइटेड (JDU) के संजय झा, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मनोज झा, संजय यादव और कांग्रेस के अखिलेश प्रताप सिंह शामिल हैं।
अन्य राज्यों में भी निर्विरोध चुनाव की संभावना है।