महिला के साथ गाली-गलौज करने वाला श्रीकांत त्यागी बोला- वह मेरी बहन जैसी, मेरे खिलाफ साजिश
क्या है खबर?
नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी के रहने वाले भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर सोसाइटी में एक महिला को गाली देने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
अब त्यागी ने उसी महिला को अपनी बहन के समान बताते हुए कहा कि यह सब उनके राजनीतिक करियर को खत्म करने और उन्हें बदनाम करने की साजिश है।
मामला
गिरफ्तारी के बाद श्रीकांत त्यागी के सुर बदले
सोशल मीडिया पर खुद को भाजपा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बताने वाले त्यागी ने मीडिया से कहा, "मैं घटना पर खेद व्यक्त करता हूं। वह मेरी बहन की तरह है, यह घटना राजनीतिक है और मुझे राजनीतिक रूप से बदनाम करने के लिए की गई है।"
त्यागी को मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से तीन अन्य आरोपियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
जानकारी
त्यागी के छह समर्थकों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया
श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी सोसाइटी में उनके घर के बाहर अवैध निर्माण को बुलडोजर से गिराने के एक दिन बाद हुई है।
सोमवार को पुलिस ने त्यागी के छह समर्थकों को भी गिरफ्तार किया। उनके समर्थकों पर रविवार को बगैर परमिशन सोसाइटी के अंदर जाकर महिला के बारे में पूछताछ करने का आरोप है।
त्यागी के खिलाफ एक महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप है। पुलिस के मामला दर्ज करने के बाद से ही त्यागी फरार था।
बयान
पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने क्या कहा?
नोएडा के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने मंगलवार को कहा, 'त्यागी की कार पर लगा VVIP स्टिकर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य का दिया हुआ है। अशोक स्तम्भ त्यागी ने खुद बनवाया था और इसका मकसद डर का माहौल बनाना था।'
विवाद
किस मामले में गिरफ्तार किया गया त्यागी?
त्यागी ने सोसाइटी के पार्क में खजूर का एक पेड़ लगाया था और महिला इसे हटाने की कह रही थी। पिछले हफ्ते इसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई जिसमें महिला ने त्यागी के अवैध निर्माण पर भी सवाल खड़े किए।
इसके बाद त्यागी ने महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग होने लगी और राज्य प्रशासन ने भी उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
प्रशंसा
सरकार की फौरन कार्रवाई की हो रही प्रशंसा
पूरे मामले में उत्तर प्रदेश सरकार की फौरन कार्रवाई की प्रशंसा हो रही है। राज्य के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के अनुसार, खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया था।
पाठक ने कहा था कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सरकार आरोपी को रिहा नहीं होने देगी।
सोसाइटी के लोगों ने भी सरकार की कार्रवाई पर खुशी व्यक्ति करते हुए संतुष्टि जताई है।