जम्मू-कश्मीर: पूर्व IAS शाह फैसल ने छोड़ी राजनीति, फिर कर सकते हैं प्रशासनिक सेवा में वापसी
क्या है खबर?
नौकरशाह से राजनेता बने शाह फैसल ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट (JKPM) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।
फैसल ने पिछले साल सिविल सेवक के पद से इस्तीफा देकर JKPM नाम से राजनीतिक दल बनाया था। कथित तौर पर, 37 वर्षीय फैसल के फिर से प्रशासनिक सेवा में शामिल होने की संभावना है।
फैसल पिछले साल अगस्त में केंद्र द्वारा जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा समाप्त करने के बाद गिरफ्तार किए गए नेताओं में शामिल थे।
पृष्ठभूमि
फैसल ने जनवरी 2019 में छोड़ दी थी प्रशासनिक सेवा
बता दें कि फैसल ने जनवरी 2019 में जम्मू-कश्मीर में भारतीय मुसलमानों की लगातार हत्या और भेदभाव के विरोध में प्रशासनिक सेवा छोड़ दी थी। उन्होंने मार्च में JKPM का गठन किया था।
फैसल अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर की विशेष स्थिति को रद्द करने के केंद्र के कदम के प्रमुख आलोचकों में शामिल थे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। फरवरी में उन पर PSA लगाया गया था, लेकिन जून में उन्हें छोड़ दिया गया था।
जानकारी
सरकार ने स्वीकार नहीं किया फैसल का इस्तीफा
फैसल के दुबारा प्रशासनिक सेवा में आने का कारण यह है कि सरकार ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है और अभी तक भी उनका नाम जम्मू-कश्मीर के IAS कैडर की सूची में है। अधिकारियों ने उन्हें इसके बारे में अवगत भी करा दिया है।
विवरण
राजनीतिक गतिविधियों को जारी रखने की स्थिति में नहीं है फैसल- JKPM
JKPM ने एक बयान में कहा कि पार्टी की कार्यकारी समिति ने वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए सोमवार को एक बैठक बुलाई थी।
इसमें फैसल ने राज्य के कार्यकारी सदस्यों को सूचित किया कि वह राजनीतिक गतिविधियों को जारी रखने की स्थिति में नहीं है और संगठन की जिम्मेदारियों से मुक्त होना चाहते हैं।
इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों की सहमति के साथ अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
जानकारी
पार्टी ने स्वीकार किया फैसल का इस्तीफा
पार्टी ने कहा फैसल के अनुरोध को स्वीकार कर लिया गया है। वह अपने जीवन को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकते हैं और जैसे चाहे अपना योगदान कर सकते हैं। समिति ने चेयरपर्सन पूर्व विधायक जावेद मुस्तफा मीर का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया।
भविष्य
सरकारी सेवा में फिर से आने के लिए उत्सुक हैं फैसल- रिपोर्ट
खबरों के मुताबिक, 2010 की सिविल सेवा परीक्षा में टॉप करने वाले फैसल सरकारी सेवा में दोबारा शामिल होना चाहते हैं।
द ट्रिब्यून ने एक उच्च पदस्थ सूत्र के हवाले से बताया, "वह सरकारी सेवा में दोबारा शामिल होने का इच्छुक है।"
इस बीच पार्टी ने अपने बयान में कहा कि अध्यक्ष पद के लिए औपचारिक चुनाव होने तक उपाध्यक्ष फिरोज पीरजादा को सर्वसम्मति से पार्टी के अंतरिम प्रमुख के रूप में चुना गया है।