संजय राउत ने अजित पवार की विमान हादसे में मौत को बताया संदिग्ध, दिया अहम बयान
क्या है खबर?
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने पिछले सप्ताह बारामती के पास हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत पर सवाल उठाते हुए अहम बयान दिया है। उन्होंने अजित की मौत पर संदेह जताते हुए दावा किया कि भाजपा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता को सिंचाई घोटाले की फाइलों से धमकाया था, क्योंकि उन्होंने विलय में रुचि दिखाई थी। उन्होंने हादसे की पीछे कुछ गड़बड़ी होने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बयान
राउत ने क्या दिया बयान?
राउत ने ANI से कहा, "अजीत दादा की दुर्घटना पर सवाल उठेंगे ही, सवाल उठने भी चाहिए। दिग्गज नेता अजीत पवार जैसे नेता की विमान दुर्घटना में जिस तरह से मृत्यु हुई और जो तथ्य सामने आ रहे हैं, उनकी जांच होनी चाहिए। मुझे लगता है कि इसमें कुछ गड़बड़ है। ये सवाल अजीत दादा की पार्टी उठा रही है। उनकी मृत्यु संदिग्ध है।" उनके इस बयान ने अजित की मौत पर संदेह के सवालों को हवा दे दी है।
आरोप
राउत ने लगाया अजित पर राजनीतिक दबाव डालने का आरोप
उन्होंने आगे कहा, "पर्दे के पीछे कुछ तो हुआ था। अजीत दादा ने कहा था कि वह 'घर लौटना' चाहते हैं, जिसके बाद भाजपा के लोगों ने उन्हें सिंचाई घोटाले की फाइलों से धमकाया। अजीत ने उन फाइलों को लेकर जवाब दिया। इसके 10 दिन के भीतर ही उनकी रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। इससे हम क्या समझते हैं? यह हमें न्यायमूर्ति लोया की याद दिलाता है। क्या यहां किसी ने कुछ नया कांड किया है? कुछ-कुछ गड़बड़ है।"
मांग
NCP के अमोल मितकारी ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
NCP नेता अमोल मितकरी ने भी अजीत की मौत पर चिंता जताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा था, "महाराष्ट्र के एक प्रमुख नेता अजीत दादा अब हमारे बीच नहीं हैं। हाल ही में जिला परिषद चुनाव हुए थे और वे चुनाव प्रचार के लिए बारामती आ रहे थे। कागज का एक भी टुकड़ा नहीं जलाया गया, लेकिन शव जला दिए गए। इससे कुछ संदेह पैदा होते हैं। घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।"
सवाल
अनिल देशमुख ने भी उठाए हैं सवाल
अजित की मौत पर शरद पवार गुट की NCP के नेता और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा, "कहा जा रहा है कि हादसा कम दृश्यता की वजह से हुआ। हालांकि, वीडियो दूर से शूट किए गए थे, लेकिन फिर भी उनमें प्लेन उड़ता हुआ, लैंडिंग के समय झुकता हुआ और आखिर में क्रैश होता हुआ साफ दिख रहा है। इसलिए कई लोगों को इस बात पर शक है कि क्रैश की वजह कम दृश्यता बताई जा रही है।"
जानकारी
शरद पवार ने की थी घटना का राजनीतिकरण न करने की मांग
अजित की मौत पर उठ रहे सवालों के बाद भी NCP के प्रमुख शरद पवार ने लोगों से अपने भतीजे अजीत पवार की मौत का राजनीतिकरण न करने की अपील करते हुए कहा कि यह विमान दुर्घटना केवल एक हादसे से ज्यादा कुछ नहीं है।
हादसा
कैसे हुई थी अजित की मौत?
66 वर्षीय अजीत की 28 जनवरी की सुबह पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे पर उतरने की कोशिश के दौरान विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, एक फ्लाइट अटेंडेंट और 2 पायलट भी मारे गए। इसके बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने उस दुर्घटना की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। अब ब्लैक बॉक्स से जानकारी जुटाई जा रही है।