Page Loader
उपराज्यपाल सक्सेना ने अपनी बेटी को दिलवाया अवैध कॉन्ट्रैक्ट, तुरंत पद से हटाए जाएं- AAP
उपराज्यपाल सक्सेना ने अपनी बेटी को दिलवाया अवैध कॉन्ट्रैक्ट, तुरंत पद से हटाए जाएं- AAP

उपराज्यपाल सक्सेना ने अपनी बेटी को दिलवाया अवैध कॉन्ट्रैक्ट, तुरंत पद से हटाए जाएं- AAP

Sep 02, 2022
04:51 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। AAP ने आरोप लगाया कि सक्सेना ने खादी और ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) के प्रमुख रहते हुए पद का दुरुपयोग किया और मुंबई के एक खादी लाउंज के इंटीरियर डिजाइनिंग का ठेका अपनी बेटी को दिलवाया था। पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी से मांग की कि सक्सेना को तुरंत उनके पद से हटा दिया जाना चाहिए।

बयान

कोर्ट जाने का विचार कर रही AAP- सिंह

शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस संबोधित करते हुए AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर अपनी बेटी को अनुबंध दिलवाने के लिए सक्सेना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। सिंह ने आरोप लगाया कि यह अनुबंध दिलाने के लिए सक्सेना ने KVIC कानून, 1961 के प्रावधानों का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी वकीलों से सलाह ले रही है और इस मामले में कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकती है।

बयान

नियमों का किया गया उल्लंघन- सिंह

संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल अपने किए से बच नहीं सकते। यह कॉन्ट्रैक्ट देने में नियमों का पालन नहीं हुआ था। उन्होंने सवाल उठाया कि KVIC का प्रमुख अपने रिश्तेदारों को कॉन्ट्रैक्ट कैसे दे सकता है?

वीके सक्सेना

घोटाले के भी आरोप लगा चुकी है AAP

इससे पहले आम आदमी पार्टी ने सक्सेना पर आरोप लगाए थे कि KVIC के अध्यक्ष रहते समय उन्होंने 1,400 करोड़ रुपये का घोटाला किया था। AAP का आरोप है कि जब दो कैशियरों ने इसका पर्दाफाश किया तो सक्सेना ने खुद उनके आरोपों की जांच कर उन्हें निलंबित कर दिया है। दूसरी तरफ उपराज्यपाल का कहना है कि यह मामला ही करीब 17 लाख का था, जबकि AAP इसे 1,400 करोड़ का बता रही है।

प्रतिक्रिया

AAP नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे सक्सेना

आरोपों से आहत वीके सक्सेना ने 21 अगस्त को कहा कि वो AAP के नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे। उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों को फर्जी करार दिया है। उपराज्यपाल के कार्यालय की तरफ से बुधवार को जारी बयान में कहा गया है कि सक्सेना AAP विधायक आतिशी, सौरभ भारद्वाज, दुर्गेश पाठक और डायलॉग एंड डेवलपमेंट कमीशन के उपाध्यक्ष जैस्मीन शाह सहित अन्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार हैं।

जानकारी

जारी है AAP और सक्सेना के बीच तकरार

वीके सक्सेना के पद संभालने के बाद से ही आम आदमी पार्टी के साथ उनकी तकरार जारी है। सक्सेना ने शराब नीति में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए CBI जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद CBI ने मनीष सिसोदिया के घर पर छापेमारी की थी। इसे लेकर सत्तारूढ़ पार्टी ने उनके और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। AAP ने उपराज्यपाल पर केंद्र के इशारों पर काम करने का आरोप लगाया है।